पटना/सहरसा। सहरसा में पत्रकार के साथ हुई कथित मारपीट के मामले को लेकर वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) बिहार के सदस्यों ने प्रदेश महासचिव सागर कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात कर मामले में निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की। WJAI के सदस्यों ने मंत्री को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराते हुए पत्रकारों की सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग रखी।
मुलाकात के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि सहरसा में पत्रकार के साथ हुई घटना उनके संज्ञान में है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच वर्तमान में जिलाधिकारी (डीएम) के स्तर से की जा रही है। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि जांच के बाद मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, WJAI के सदस्यों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केवल जिला स्तर की जांच के बजाय प्रदेश स्तर पर एक विशेष जांच कमेटी गठित करने की मांग की। संगठन के सदस्यों ने कहा कि पत्रकारों से जुड़े मामलों में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उच्चस्तरीय जांच आवश्यक है, ताकि पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सके और किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे।
WJAI की मांग पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए राज्य स्वास्थ्य समिति के डायरेक्टर अमित कुमार पाण्डेय को प्रदेश स्तरीय जांच कमेटी गठित करने का निर्देश दिया। मंत्री ने निर्देश दिया कि जांच कमेटी का गठन कल तक हर हाल में कर दिया जाए, ताकि मामले की उच्चस्तरीय जांच जल्द शुरू की जा सके।
WJAI सदस्यों ने मंत्री के समक्ष पत्रकारों के साथ होने वाली घटनाओं को गंभीरता से लेने और पत्रकारों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। सदस्यों ने कहा कि पत्रकार अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके साथ मारपीट या किसी भी प्रकार की दबाव की कार्रवाई को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
मंत्री निशांत कुमार ने WJAI के सदस्यों को आश्वस्त किया कि मामले में निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, प्रदेश स्तरीय जांच कमेटी के गठन के निर्देश से मामले की जांच को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
WJAI के सदस्यों ने मंत्री के त्वरित हस्तक्षेप और जांच कमेटी के गठन के निर्देश का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि जांच के माध्यम से पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
मुलाकात करने वालों में सागर कुमार (प्रदेश महासचिव), रत्नेश कुमार (प्रदेश कोषाध्यक्ष), राजकमल (प्रदेश सचिव)
आदित्य कुमार (प्रदेश संयुक्त सचिव) मुख्य रूप से शामिल थे।
