सहरसा में पत्रकार पर हमले के मामले को लेकर WJAI बिहार कमिटी ने मंत्री को सौंपा ज्ञापन

पटना/सहरसा। सहरसा में पत्रकार के साथ हुई कथित मारपीट एवं हमले की घटना को लेकर वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI), बिहार कमिटी ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग को लेकर WJAI बिहार कमिटी की पांच सदस्यीय टीम ने प्रदेश महासचिव सागर कुमार के नेतृत्व में बिहार सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।

WJAI प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष पत्रकार पर हुए हमले की घटना को गंभीरता से रखते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण है और पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा या दबाव की घटना स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए चिंता का विषय है।

ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने संबंधित मामले में पीड़ित पत्रकार को न्याय दिलाने तथा भविष्य में पत्रकारों के साथ इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।

WJAI बिहार कमिटी के प्रदेश महासचिव सागर कुमार ने कहा कि पत्रकार अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज के विभिन्न मुद्दों को सामने लाते हैं। ऐसे में पत्रकारों के साथ होने वाली हिंसा या उत्पीड़न की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों को लेकर लगातार अपनी आवाज उठाता रहेगा।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से आग्रह किया कि मामले में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए पीड़ित पत्रकार को उचित न्याय एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाए।

मंत्री श्रवण कुमार को ज्ञापन सौंपने के दौरान WJAI बिहार कमिटी के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य सागर कुमार प्रदेश महासचिव, रत्नेश कुमार प्रदेश कोषाध्यक्ष, राजकमल प्रदेश सचिव, आदित्य कुमार प्रदेश संयुक्त सचिव मौजूद रहे। संगठन ने उम्मीद जताई कि सरकार एवं संबंधित प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

Leave a Reply