पटना सिटी : भारतीय विश्वकर्मा महासंघ के तत्वावधान में विश्वकर्मा शोभा यात्रा भव्य रूप से संपन्न हुई। यह यात्रा गुरु के बाग यमुना पैलेस से प्रारंभ होकर गुड़ की मंडी स्थित विश्वकर्मा मंदिर तक निकाली गई। यात्रा का उद्घाटन महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुल आनंद ने किया।
पारंपरिक झांकी, बैंड-बाजे और शिल्प उपकरणों की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुल आनंद ने कहा कि आज की शोभा यात्रा ऐतिहासिक रही। विश्वकर्मा समाज ने एकता और अनुशासन का अद्भुत परिचय दिया है। यह सिर्फ जुलूस नहीं, हमारे शिल्प और कर्म के गौरव का उत्सव था। जब तक समाज में एकता की चेतना नहीं जागेगी, तब तक हम अपने अधिकार और सम्मान को प्राप्त नहीं कर सकते।
वहीं सुजाता शर्मा ने कहा कि जिस संख्या में माताएं-बहनें पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं, वह देखने लायक था। राष्ट्रीय प्रवक्ता दिवाकर शर्मा ने कहा कि यह यात्रा न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, बल्कि यह भी संदेश देती है कि विश्वकर्मा समाज संगठित है और अपने हक के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने को तैयार है। आयोजन समिति के अध्यक्ष सुखदेव विश्वकर्मा ने कहा कि हमारा आयोजन पूरी तरह सफल रहा।
गुरु के बाग से गुड़ की मंडी तक पूरे मार्ग में लोगों ने फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया। यह अपार जनसमर्थन समाज की एकजुटता को दर्शाता है। यात्रा का समापन विश्वकर्मा मंदिर में आरती और भंडारे के साथ हुआ। मौके पर भाजपा ओबीसी मोर्चा की प्रदेश प्रवक्ता अनिता शर्मा, वार्ड पार्षद बिनोद शर्मा, महासंघ के महासचिव आशीष आनंद, भिखारी शर्मा, विद्या भूषण शर्मा, राकेश शर्मा, सतीश कुमार, अभिषेक कुमार, गौरी शर्मा, राखी विश्वकर्मा, नीलू देवी, कौशल विश्वकर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
