जनसेवा और देश सेवा के बल पर ही मिलता है पक्ष में जनादेश- विजय कुमार सिन्हा

इंडी गठबंधन को छोड़ना होगा तुष्टिकरण, जातिवाद औऱ धार्मिक उन्माद की राजनीति।

महिला, युवा, किसान और गरीब परिवार को ही जाति मानकर हो योजनाओं का निर्माण।

बिहार में भी जनता भ्रष्टाचार, अपराध, परिवारवाद और जातिवादी राजनीति को उखाड़ फेंकने के लिए है तैयार।

सात पार्टी का महागठबंधन बिहार में हारे उपचुनाव,100-150 वोट बाले प्रधानमंत्री का सपना न देखें।

पटना 4 दिसंबर 2023:बिहार भाजपा विधान मंडल दल के नेता विजय कुमार सिन्हा ने दिल्ली भाजपा मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा तीन राज्यों में जीत पर भाजपा कार्यकर्ताओं को सम्बोधन भाषण को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा है कि आदरणीय प्रधानमंत्री के संबोधन से यह स्पष्ट हो गया है कि जनसेवा और राष्ट्र सेवा के बल पर ही जनता का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

श्री सिन्हा ने कहा कि 3 राज्यों में हार का ठीकरा अब सीधे कांग्रेस पर फोड़कर जदयू के लोग नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री बनाने के छिपे एजेंडों को अब बाहर व्यक्त कर रहे हैं। एक प्रधानमंत्री उम्मीदवार के.सी.आर तो धराशायी हो गए, अब इनकी बारी है।

श्री सिन्हा ने कहा कि जनता ने तुष्टिकरण, धार्मिक उन्माद और जातिवाद की राजनीति को अस्वीकार कर दिया है। इंडी गठबंधन को समझने की जरुरत है। क्षेत्रीय दल जातिवादी सोच से उबर नहीं पा रहे हैं। राष्ट्रीय दल कांग्रेस भी जातिवाद को महिमा मंडित कर रही है। 21 वीं सदी का भारत और 2023 का मतदाता के लिए विकास ही सबसे महत्वपूर्ण है।

श्री सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित चार जातियाँ महिला, युवा, किसान और गरीब परिवार को ध्यान में रखकर ही सभी सरकारों को योजना बनानी पड़ेगी। केंद्र सरकार और भाजपा शासित राज्य सरकार पूर्व से ही इसी आधार पर काम कर रही है। इसके कारण भाजपा के पक्ष में जनादेश देश के सामने है।

श्री सिन्हा ने कहा कि बिहार की महागठबंधन सरकार भ्रष्टाचार, अपराध, परिवारवाद और जातिवादी राजनीति की पोषक है। इनकी राजनीति इन्हीं अवयवों के इर्द-गिर्द घूमती है। जनहित और जनसेवा से इन्हे कोई लेना-देना नहीं है। दारू, बालू और जमीन माफिया राज्य में सीना तानकर घूम रहे हैं और अवैध कारोबार कर रहे हैं। जनता सब जानती है। इनको उखाड़ फेंकने के लिए जनता ने मन बना लिया है।

श्री सिन्हा ने कहा कि बिहार में भाजपा की सरकार बनने पर उन्माद, अपराध, तुष्टिकरण और माफियाओं के वर्चस्व को समाप्त कर दिया जायेगा।

Related posts

Leave a Comment