“The Power Within You” कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मविश्वास और नेतृत्व की प्रेरणा

सामाजिक विकास ख़ासकर महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए तत्पर और प्रयासरत संस्था , पुतुल फाउंडेशन और नेशनल पब्लिक स्कूल, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 08 मार्च 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में “The Power Within You” शीर्षक के अंतर्गत एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय के बच्चों—विशेषकर बालिकाओं और किशोरियों—को उनकी अंतर्निहित शक्ति, क्षमता और आत्मविश्वास का बोध कराना था, ताकि वे अपने जीवन में आत्मनिर्भरता, साहस और नेतृत्व के गुणों को विकसित कर सकें।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रसिद्ध शिक्षाविद और बाबा साहेब अंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ के शिक्षा विभाग के प्रमुख एवं डीन डॉ. राजशरण शाही ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज की बेटियाँ किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए आत्मविश्वास, शिक्षा और दृढ़ संकल्प को सफलता की कुंजी बताया तथा समाज में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला।

सुविख्यात प्रशासिका अहिल्याबाई होलकर को उद्धृत करते हुए उन्होंने यह कहा कि यदि परिवार और समाज बालिकाओं को उचित अवसर और प्रोत्साहन दें, तो वे देश और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
इस अवसर पर बतौर विशिष्ट अतिथियों के रूप में भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी , लेखक और विचारक मनीश वर्मा ,विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अर्चना सिंह, भारतीय सेना के पूर्व कर्नल श्याम सुंदर राय, पूर्व मध निषेध अनुमंडल अधिकारी जलज मिश्र, विद्यालय के निदेशक अनुज सिंह तथा भारतीय कर्मचारी संघ के राष्ट्रीय महासचिव रवीन्द्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।

सभी अतिथियों ने अपने अपने अनुभवों और विचारों के माध्यम से छात्राओं को जीवन में आत्मविश्वास, अनुशासन, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता का महत्व समझाया तथा उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की एक विशेष और प्रेरणादायक बात यह रही कि मंच का सफल संचालन विद्यालय की ही दो छात्राओं द्वारा किया गया। उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति और आत्मविश्वासपूर्ण मंच संचालन ने इस तथ्य को सिद्ध कर दिया कि यदि बालिकाओं को अवसर और मंच मिले, तो वे अपनी प्रतिभा और क्षमता से किसी से कम नहीं हैं।

कार्यक्रम के अंत में पुतुल फाउंडेशन और नेशनल पब्लिक स्कूल, लखनऊ की ओर से सभी सम्मानित अतिथियों को शाल और स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह आयोजन न केवल छात्राओं के लिए प्रेरणादायी रहा, बल्कि उपस्थित सभी लोगों के लिए यह संदेश भी लेकर आया कि महिलाओं की शक्ति और क्षमता को पहचानना तथा उसे उचित दिशा देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

 

समग्र रूप से यह कार्यक्रम उत्साह, प्रेरणा और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा तथा उपस्थित विद्यार्थियों के मन में आत्मविश्वास और सशक्तिकरण की भावना को और अधिक मजबूत करने में सफल सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *