मशहूर फिल्म प्रोड्यूसर और सेंसर बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी का निधन हो गया है। उन्होंने 76 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। बताया जा रहा है कि पहलाज निहलानी कुछ समय से लिवर संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। वह मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती थे और वहीं उन्होंने गुरुवार, 4 जून को अंतिम सांस ली। अब दोपहर 3 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा, जिसकी डिटेल जारी की गई है।
पहलाज निहलानी का करियर
पहलाज निहलानी ने साल 1982 में फिल्म ‘हथकड़ी’ से बतौर प्रोड्यूसर अपना करियर शुरू किया था। दशकों से बॉलीवुड में एक जाना-पहचाना नाम रहे निहलानी ने बतौर प्रोड्यूसर एक सफल करियर बनाया। उन्होंने ‘आंखें’, ‘अंदाज’, ‘शोला और शबनम’, ‘तलाश’, ‘रंगीला राजा’ और ‘जूली 2’ जैसी हिट फिल्में दीं। गोविंदा और दिव्या भारती के साथ पहलाज निहलानी के खास कनेक्शन रहा और कई फिल्में साथ कीं।
पहलाज निहलानी ने गोविंदा और चंकी पांडे को किया था लॉन्च
पहलाज निहलानी का कई एक्टर्स के करियर में बेहद अहम रोल रहा। उन्होंने साल 1986 में फिल्म ‘इल्जाम’ से गोविंदा को लॉन्च किया था और फिर चंकी पांडे को ‘आग ही आग’ से इंडस्ट्री में लाए। गोविंदा और चंकी पांडे के साथ फिर पहलाज निहलानी ने ‘आंखें’ नाम से फिल्म बनाई थी, जो साल 1993 में रिलीज हुई और उस साल की सबसे ज्यादा कमाई वाली फिल्मों में से एक रही।
