प्रारब्ध के मोहरे
कभी आपने सुना है कि किसी ने अपने बच्चों का नाम रावण, कुंभकर्ण, विभीषण, कैकेयी या फिर मंथरा रखा हो? शायद नहीं ! और भी बहुतेरे ऐसे नाम हैं जिन्हें हम अपने बच्चों को नहीं दे सकते

स्वतंत्र टिप्पणीकार और विचारक
अधिकारी, भारतीय राजस्व सेवा
हैं । हमारे समाज ने इन नामों को स्वीकार नहीं किया है । आखिर क्यों नहीं रखते हम अपने बच्चों के नाम रामायण के इन पात्रों के नाम पर। ? वजह साफ़ है। हमारी दृष्टि में ये सभी रामायण के नकारात्मक किरदारों में से एक हैं। इनके नाम लेते ही हमारे मन में एक अलग तरह की नकारात्मक छवि उभरती है। हालाँकि नाम में कहाँ कुछ रखा है । सभी तो अपने अपने किरदारों को जी रहे हैं । लेकिन क्या कभी हमने यह समझने की कोशिश की है कि जिन पात्रों को हम नकारात्मक मानकर उनके नाम तक लेने से बचते हैं, क्या वे रामायण की उस महान रचना के अनिवार्य पात्र नहीं थे, जिसे हम आज श्रद्धा और आस्था के साथ याद करते हैं ? आपको नहीं लगता कि इनके बिना रामायण शायद रामायण नहीं होता ।
चलिए, इसी सिलसिले में आप सभी से मेरा एक प्रश्न है—क्या आप प्रारब्ध को मानते हैं ?
मेरा बड़ी ही शिद्दत से यह मानना है कि शायद ही कोई ऐसा होगा जो प्रारब्ध की भूमिका को पूरी तरह नकार सके। हम सभी कहीं न कहीं इसके दास हैं। भले ही अलग-अलग विचारधाराओं में प्रारब्ध की भूमिका को लेकर मतभेद हों, लेकिन जीवन में घटने वाली घटनाओं और उनके पीछे काम करने वाले अदृश्य कारकों की भूमिका को नकार पाना इतना शायद आसान भी नहीं है।
ऐसा माना जाता है कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम भगवान विष्णु के अवतार थे और उनका पृथ्वी पर अवतरित होना राक्षसों, ख़ासकर रावण के संहार के लिए हुआ था। अब ज़रा सोचिए, क्या रामायण की पूरी कथा में परिस्थितियाँ यूँ ही बनती और बिगड़ती चली गईं? क्या यह सब कुछ महज़ संयोग था, जिसकी परिणति अंततः रावण वध और लंका पर श्रीराम की विजय के रूप में हुई ?
शायद नहीं !
रामायण के जिन पात्रों का उल्लेख मैंने शुरुआत में किया है, वे सभी कहीं न कहीं उन परिस्थितियों के निर्माण में कारक बने, जिन्होंने आगे चलकर प्रारब्ध की एक बड़ी योजना को साकार किया। ऐसा प्रतीत होता है मानो प्रत्येक पात्र अपनी भूमिका निभाने के लिए नियत था और समय आने पर उसने वही किया, जिसकी वजह से रामायण की कथा अपने निर्धारित परिणाम तक पहुँच सकी। कोई तो रचनाकार था !
इसकी शुरुआत तो उसी समय हो गई थी, जब ऋषि विश्वामित्र राजा दशरथ से श्रीराम को अपने साथ ले जाने का आग्रह करते हैं, ताकि वे उनके यज्ञ को राक्षसों के उत्पात से बचा सकें। हालाँकि प्रभू श्रीराम के साथ लक्षमण भी ऋषि विश्वामित्र के साथ हो लिए थे । यही वह प्रसंग था, जिसने श्रीराम के जीवन को एक नई दिशा दी और उन्हें राक्षसों के संहार की ओर अग्रसर किया।
अब मंथरा और कैकेयी के प्रसंग को ही लीजिए। यदि मंथरा ने उचित समय पर कैकेयी के मन में संदेह और असंतोष के बीज न बोए होते, ना भड़काया होता, यदि उसने कैकेयी को राजा दशरथ द्वारा दिए गए उन दो वरदानों की याद न दिलाई होती, तो क्या श्रीराम को चौदह वर्षों का वनवास मिलता? और यदि वनवास नहीं मिलता, तो क्या रामायण की वह कथा उसी रूप में हमारे सामने आती, जिसे हम आज जानते और सुनते हैं?
रावण की घोर तपस्या, ब्रह्मा जी से वरदान प्राप्त करना, कुबेर से लंका का राजपाट हासिल करना, कैकेयी के वरदानों के कारण श्रीराम का चौदह वर्षों के लिए वनवास जाना और अंततः रावण द्वारा माता सीता का अपहरण किया जाना—क्या ये सभी घटनाएँ केवल अलग-अलग संयोग थीं मात्र थीं या कुछ और !
नहीं ! परिस्थितियों ने एक ही दिन में करवट नहीं ली थी। घटनाओं की एक लंबी शृंखला थी, जिसमें हर पात्र और हर घटना ने अपनी भूमिका निभाई। ऐसा लगता है मानो प्रारब्ध ने बड़े ही हौले-हौले अपने मोहरों को उनके निर्धारित स्थान पर बिठा रखा था। किसी को शायद अपनी भूमिका का भान भी नहीं था, लेकिन घटनाएँ एक निश्चित गति, दिशा और क्रम में आगे बढ़ रही थीं।
अंततः वही हुआ, जो होना था। बुराई पर अच्छाई की जीत हुई। प्रभु श्रीराम के हाथों रावण का वध हुआ। लंका पर विजय पताका फहराई गई और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों ने संपूर्ण मानवता को एक नई दिशा दी।
आज हम विभीषण के लिए भले ही बहुत अच्छे शब्दों का प्रयोग न करें। यह कहने में भी संकोच नहीं करते कि ‘घर का भेदी लंका ढाए’। लेकिन ज़रा एक बार फिर सोचिए—यदि विभीषण ने रावण का साथ न छोड़कर उसका साथ दिया होता, यदि उसने श्रीराम को रावण की कमजोरियों और उसकी मृत्यु के रहस्य से अवगत न कराया होता, तो क्या लंका विजय इतनी सहज हो पाती ?
प्रभु श्रीराम का वानरों के साथ मिलकर वानरों की सेना बनाना । सुग्रीव और बाली का युद्ध । नल नील के द्वारा लंका जाने के लिए समुद्र पर सेतु का निर्माण और अभी अंत कहाँ हुआ है- हनुमान की भूमिका । पुरे रामायण में एक धुरी की भूमिका में । आज भी बड़े ही सकारात्मकता के साथ ‘ फ़लाँ का हनुमान ‘ कह उपमा दी जाती है, जिनका चरित्र पुरे रामायण में ऐशनाओं से परे था । बिल्कुल निःस्वार्थ , निश्छल और पवित्र । आप इन्हें क्या कहेंगे ! प्रारब्ध नहीं तो और क्या है यह !
यहाँ भी प्रारब्ध की भूमिका को नकारना कठिन प्रतीत होता है।
दरअसल, मेरा मतलब इन पात्रों के कार्यों को सही या गलत ठहराने से नहीं है। न ही यह कहने का प्रयास है कि किसी के नकारात्मक कर्म केवल प्रारब्ध का परिणाम थे और इसलिए उन्हें उचित मान लिया जाना चाहिए। मेरा प्रश्न तो बस इतना है कि क्या किसी बड़ी घटना के घटित होने में उन पात्रों की भी भूमिका होती है, जिन्हें इतिहास या हमारी मान्यताएँ नकारात्मक किरदार के रूप में याद रखती हैं?
हो सकता है कि रामायण के ये सभी पात्र अपनी-अपनी दृष्टि से कुछ और सोच रहे हों, लेकिन उनकी भूमिकाओं ने मिलकर एक ऐसी महागाथा को जन्म दिया, जो आज भी हमारी आस्था, संस्कृति और जीवन-दर्शन का अभिन्न हिस्सा है।
कभी-कभी जिन पात्रों को हम किसी कथा का खलनायक मानते हैं, संभव है कि वे उसी कथा के सबसे महत्वपूर्ण कारक हों।
और शायद यही प्रारब्ध की सबसे बड़ी विडंबना भी है—उसे पूरा करने वाले पात्रों को स्वयं यह पता नहीं होता कि वे किसी बड़ी पटकथा का हिस्सा बन चुके हैं ॥
✒️ मनीश वर्मा ‘ मनु ‘
