विदुपुर में महिलाओं को मिला ब्यूटी ट्रेनिंग का बड़ा मंच, सैकड़ों महिलाओं ने सीखे आत्मनिर्भर बनने के गुढ़

विदुपुर : विदुपुर स्थित बिंदा मैरिज हॉल में ऐले पैशन सैलून द्वारा एक दिवसीय मेकअप कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस कार्यशाला का उद्देश्य महिलाओं को ब्यूटी एवं मेकअप के क्षेत्र में प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेविका वीना मानवी, विशिष्ट अतिथि मेकअप आर्टिस्ट आयुषी सिन्हा, अभिनेत्री व मॉडल रिया शाह, साक्षी झा, ऐले पैशन सैलून की संचालिका निभा कुमारी, बोरिंग रोड सेन्टर हेड पूजा सिन्हा, हाजीपुर मेकअप आर्टिस्ट राखी सिंह, विदुपुर सेन्टर हेड प्रीति सिंह एवं पूजा कुमारी के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात सभी अतिथियों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने हुनर को पहचानने के लिए प्रेरित किया।

ऐले पैशन सैलून की संचालिका निभा कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में ब्यूटी इंडस्ट्री तेजी से बढ़ रही है और इसमें रोजगार एवं स्वरोजगार के अनेक अवसर मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि सैलून द्वारा महिलाओं के लिए कम शुल्क में सर्टिफिकेट कोर्स भी संचालित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इस क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं को आगे बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि उनका लक्ष्य महिलाओं को घर की चारदीवारी से बाहर निकालकर उनके सपनों को पंख देना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

कार्यशाला के दौरान लाइव मेकअप डेमो, स्किन केयर टिप्स और प्रोफेशनल ट्रेनिंग सत्र आयोजित किए गए, जिससे प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी मिली। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। इस आयोजन ने क्षेत्र की महिलाओं में नया आत्मविश्वास जगाया और उन्हें अपने भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply