भर्ती के दौरान विधि व्यवस्था के लिए डीएम एसएसपी से मिले भर्ती अधिकारी

पटना। सेना भर्ती केंद्र दानापुर के अनुरोध पर जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में सेना भर्ती रैली की तैयारी हेतु बैठक की गई। इसमें रैली के दौरान विधि व्यवस्था संधारण, प्रशासनिक प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई तथा निर्णय लिया गया।

डायरेक्टर भर्ती, दानापुर कैंट कर्नल तजेन्दर सिंह ने बताया गया कि वर्ष 2022 के लिए सेना भर्ती रैली का आयोजन अक्टूबर महीने में होना प्रस्तावित है। रैली 7 अक्टूबर 2022 से 26 अक्टूबर 2022 तक 20 दिनों तक चलेगा। इसमें 26 अक्टूबर को होने वाली महिला रैली भी शामिल है। सेना भर्ती रैली में सिवान, सारण छपरा, गोपालगंज, वैशाली, पटना, बक्सर एवं भोजपुर आरा के अभ्यर्थी भाग लेगें। आयोजन स्थल न्यू की लोकेशन प्लैन कॉम्प्लेक्स चाँदमारी के समीप दानापुर कैंट पटना है।

पुरूष रैली के लिए रैली स्थल पर प्रवेश सभी दिन 1 बजे रात्रि को शुरू होगा। महिला रैली के लिए प्रवेश 26 अक्टूबर को 4 बजे पूर्वाह्न शुरू होगा। डायरेक्टर भर्ती कर्नल श्री सिंह ने रैली के दौरान विधि व्यवस्था संधारण एवं अन्य तैयारी तथा प्रबंधन हेतु प्रशासनिक सहयोग की आवश्यकता के बारे में पावर प्वाईंट प्रजेंटेशन के माध्यम से विस्तार से बताया।

डीएम डॉ सिंह ने कहा कि रैली मे बहुत अधिक संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। 80 से 90 हजार उम्मीदवार रैली में उपस्थित हो सकते हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए हम सभी को योजनाबद्ध ढंग से ससमय एवं सम्पूर्ण तैयारी सुनिश्चित करनी होगी। विधि.व्यवस्था संधारण तथा भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त संख्या मे पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति रहेगी। सभी तरह का प्रशासनिक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

डीएम डॉ सिंह ने कहा कि रैली के सुगमतापूर्वक संचालन के लिए नियंत्रण कक्ष की स्थापना की जाएगी। दानापुर एवं पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर स्वागत केन्द्र रिसेप्शन सेन्टर कार्यरत रहेगा। पर्याप्त संख्या में बसों की व्यवस्था रहेगी। एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने कहा कि वरीय पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल रैली के लिए मुस्तैद रहेंगे। सभी सुरक्षात्मक मापदंडों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

डीएम डॉ सिंह व एसएसपी श्री ढिल्लो ने कहा कि सेना भर्ती रैली पारदर्शिता, स्वच्छता एवं सत्यनिष्ठा के उच्चतम मानदंडों पर आधारित है। बैठक में ब्रिगेडियर मुकेश गुरूंग, सूबेदार मेजर जी आर रेड्डी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts

Leave a Comment