बिहार ऑप्टोमेट्री कांफ्रेंस विजन बिहार 2026 का सफल समापन, आधुनिक ऑप्टोमेट्री और बेहतर नेत्र स्वास्थ्य पर हुई चर्चा

बिहार में ऑप्टोमेट्री सेवाओं को नई दिशा देगा विजन बिहार 2026 : श्रेयसी सिंह

पटना : बिहार ऑप्टोमेट्री एसोसिएशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय बिहार ऑप्टोमेट्री कॉन्फ्रेंस विजन बिहार 2026 का सफल समापन तरुणाई कम्युनिटी प्लाजा, कुम्हरार में हुआ। सम्मेलन में राज्य सहित देशभर से आए विशेषज्ञों ने मायोपिया कंट्रोल, विजन थेरेपी, टेली-ऑप्टोमेट्री, पीडियाट्रिक आई केयर, डिजिटल आई केयर, ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र स्वास्थ्य, क्लीनिकल ऑप्टोमेट्री, कम्युनिटी विजन केयर, स्पोर्ट्स आई सेफ्टी और ऑप्टोमेट्री के बदलते स्वरूप जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से अपने विचार साझा किए। समापन समारोह की मुख्य अतिथि बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि विजन बिहार 2026 जैसे सम्मेलन नेत्र स्वास्थ्य के क्षेत्र में जागरूकता, नवाचार और विशेषज्ञों के अनुभवों के आदान-प्रदान का सशक्त मंच हैं। मुझे विश्वास है कि ऐसे आयोजन बिहार में ऑप्टोमेट्री सेवाओं को नई दिशा देंगे और बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि बेहतर दृष्टि किसी भी खिलाड़ी के प्रदर्शन का अहम आधार होती है और इस दिशा में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। सम्मेलन के दौरान बिहार में ऑप्टोमेट्री काउंसिल के गठन तथा सरकारी एवं स्वास्थ्य संस्थानों में ऑप्टोमेट्रिस्ट के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति की आवश्यकता पर भी विस्तार से चर्चा हुई। बिहार ऑप्टोमेट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार सिन्हा ने समापन संबोधन में कहा कि विजन बिहार 2026 केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि बिहार में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में हुई चर्चाओं और सुझावों को सरकार एवं संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि ऑप्टोमेट्री शिक्षा, रोजगार और मरीजों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल हो सके। वहीं एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राजेश झा ने कहा कि इस राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन से बिहार के नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंच सकेंगी। जबकि एसोसिएशन के सचिव उदय कुमार मेहता ने कहा कि सम्मेलन के दौरान विभिन्न तकनीकी सत्रों के साथ कार्यशालाओं का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 20 विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। अगले वर्ष हम पुनः इस कार्यक्रम का आयोजन करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में बिहार ऑप्टोमेट्री एसोसिएशन के संरक्षक राजीव प्रसाद, रविन्द्र कुमार पांडेय, अध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार सिन्हा, उपाध्यक्ष राजेश झा, सचिव उदय कुमार मेहता, संयुक्त सचिव जयंत झा, मनीष कुमार एवं कोषाध्यक्ष चंदन कुमार की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply