बिहार ग्रामीण बैंक औरंगाबाद अगले माह बांटेगा 200 करोड़ का लोन : मुकुल सहाय

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण विकास के लिए बैंक प्रतिबद्ध

औरंगाबाद । बिहार ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष मुकुल सहाय ने कहा है कि महिला आत्मनिर्भरता, ग्रामीण रोजगार और जीविका दीदियों को प्रोत्साहित करने एवं बढ़ावा देने के लिए बिहार ग्रामीण बैंक अगले माह औरंगाबाद क्षेत्र के तहत 200 करोड़ रुपए का ऋण जारी करेगा ।

श्री सहाय ने औरंगाबाद में जीविका दीदियों और बैंक के शाखा प्रबंधकों के साथ समन्वय बैठक के उपरांत कहा कि बिहार ग्रामीण बैंक आत्मनिर्भर भारत के तहत ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार, व्यवसाय तथा सामूहिक उद्यम के लिए उन्हें ऋण देकर प्रधानमंत्री की महिला सशक्तिकरण की परिकल्पना को साकार करने में योगदान देगा । उन्होंने कहा कि बिहार ग्रामीण बैंक ग्रामीण इलाके खासकर ग्रामीण महिलाओं की स्थिति को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर कार्यरत है ।
ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष ने कहा कि जीविका दीदियों को प्रोत्साहित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए बिहार ग्रामीण बैंक की ओर से एक कार्यनीति भी तैयार की जा रही है । इससे ग्रामीण महिलाओं खासकर जीविका दीदियों को हर क्षेत्र में रोजगार , व्यवसाय, उद्यम के लिए आवश्यक धन की कमी नहीं होगी ।

श्री सहाय ने कहा कि औरंगाबाद जिले में बैंक और जीविका के बीच बेहतर समन्वय है, जिसके परिणामस्वरूप सकारात्मक निर्णय लेने और बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान निर्धारित लक्ष्य हासिल कर बेहतर प्रदर्शन करने वाले बैंक एवं जीविका के अधिकारियों को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक रवि शंकर सिंह, मुख्य प्रबंधक क्रेडिट आलोक कुमार, जीविका डीपीएम पवन कुमार, रागिनी कुमारी, माइक्रोफाइनेंस जीविका के नोडल अधिकारी पंचम दांगी एवं प्रवीण कुमार उपस्थित थे ।
बैठक में बैंक और जीविका के बीच बेहतर तालमेल, वित्तीय सहयोग, लक्ष्य प्राप्ति तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। इस दौरान बैंक के अध्यक्ष मुकुल सहाय ने ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और जीविका के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

क्षेत्रीय प्रबंधक रवि शंकर सिंह ने कहा कि बैंक और जीविका एक-दूसरे के पूरक हैं। दोनों संस्थाओं के बेहतर समन्वय, सभी के सहयोग और टीम वर्क की बदौलत 100-100 करोड़ रुपये के लक्ष्य को दो बार प्राप्त किया गया है। उन्होंने कहा कि बैंक लगातार हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए नंबर वन स्थान प्राप्त कर रहा है। इस उपलब्धि में अधिकारियों, कर्मियों और जीविका की टीम का महत्वपूर्ण योगदान है।
कार्यक्रम में औरंगाबाद के मुख्य शाखा प्रबंधक अमित कुमार, प्रवीण कुमार, दीपक कुमार, परवेज आलम, किरण कुमारी, करिश्मा कुमारी सहित बैंक और जीविका के कई अधिकारियों ने भी भूमिका निभाई ।

Leave a Reply