(तकनीकी विकास, नए अवसर, नीतिगत ढाँचा और नैतिक चुनौतियाँ)
AI किसी छात्र की समझ दुगुनी कर सकता है और किसी की घटा भी सकता है। फ़र्क़ तकनीक में नहीं, उसके इस्तेमाल के ढंग में है, और भारतीय उच्च शिक्षण संस्थानों को अब यही ढंग तय करना

है।
कल्पना कीजिए, किसी कॉलेज में दो छात्र एक ही गणित-अभ्यास पर बैठे हैं। दोनों के फ़ोन में AI है। पहला उससे सीधे उत्तर माँगता है और घंटे भर में सब निपटा देता है। दूसरा संकेत माँगता है, ग़लत होने पर दोबारा कोशिश करता है और दुगुना समय लगाता है। अभ्यास के अंक देखें तो पहला आगे दिखेगा। पर परीक्षा के दिन, जब AI नहीं होगा, तस्वीर उलट सकती है।
यह कथा काल्पनिक है, पर इसका पैटर्न वास्तविक है। पिछले दो-तीन वर्षों के प्रयोग एक ही बात बार-बार दिखा रहे हैं: AI से सीखने का नतीजा इस पर निर्भर करता है कि वह छात्र के प्रयास को बढ़ाता है या उसकी जगह ले लेता है। इसलिए सवाल अब “AI चले या न चले” का नहीं रहा। सवाल है कि पहले कौन सोचे।
एक ही AI, दो नतीजे-
तुर्की के एक स्कूल में लगभग 1,000 छात्रों पर हुए प्रयोग (PNAS, 2025) में कुछ को ChatGPT जैसा सामान्य चैटबॉट मिला, कुछ को ऐसा ट्यूटर जो उत्तर देने की जगह संकेत देता था, और कुछ को कोई AI नहीं। सामान्य चैटबॉट के साथ अभ्यास में प्रदर्शन 48% बढ़ा, पर AI हटते ही परीक्षा में ये छात्र नियंत्रण समूह से 17% पीछे निकले। निर्देशित ट्यूटर वाले समूह का अभ्यास-प्रदर्शन 127% बढ़ा और परीक्षा में कोई नुकसान नहीं हुआ है।
चित्र: उच्च शिक्षा में वैयक्तिकृत शिक्षण और एआई-संचालित अधिगम वातावरण
उच्च शिक्षा से जुड़ा प्रमाण भी उत्साहजनक है। Harvard के एक भौतिकी पाठ्यक्रम में 194 छात्रों पर हुए यादृच्छिक नियंत्रित प्रयोग में AI-ट्यूटर से छात्रों ने कक्षा के सक्रिय-अधिगम की तुलना में कम समय में अधिक सीखा; लेखकों के अनुसार दुगुने से भी अधिक है । पर शर्त देखिए: ट्यूटर को सही हल दिए गए थे, उसे एक बार में एक ही चरण बताना था और छात्र को पहले स्वयं प्रयास करने के लिए प्रेरित करना था। यानी जादू मॉडल में नहीं, शिक्षण-डिज़ाइन में था।
दिमाग़ पर चढ़ता क़र्ज़ (जो AI छात्र की जगह सोच लेता है, वह नतीजा देता है, सीख नहीं)-
MIT Media Lab के एक अध्ययन में 54 विश्वविद्यालय-छात्रों को निबंध लिखते समय EEG से जाँचा गया। एक समूह ने ChatGPT, दूसरे ने सर्च इंजन और तीसरे ने बिना किसी साधन के लिखा। ChatGPT-समूह में मस्तिष्क की संयोजकता सबसे कमज़ोर दर्ज हुई और चार महीनों में वह तंत्रिका, भाषाई और व्यवहारिक, तीनों स्तरों पर पिछड़ता गया। शोधकर्ताओं ने इसे “कॉग्निटिव डेट”, यानी संज्ञानात्मक ऋण कहा, आज की सुविधा की क़ीमत कल की सोच से चुकानी पड़ती है, सावधानी भी ज़रूरी है। नमूना छोटा है, चौथे सत्र में केवल 18 प्रतिभागी थे और शोध-पत्र की समकक्ष-समीक्षा अभी नहीं हुई। इसे अंतिम फ़ैसला नहीं, चेतावनी की घंटी मानिए। फिर भी तीनों अध्ययन मिलकर एक ही बात कहते हैं: AI तब मदद करता है जब वह प्रयास को बढ़ाता है, हटाता नहीं।

सबसे बड़ा भ्रम: “AI पकड़ने वाली मशीन”-
घबराए हुए संस्थान अक्सर AI-डिटेक्टर को न्यायाधीश बना देते हैं। Stanford के शोधकर्ताओं ने पाया कि ये सॉफ़्टवेयर अमेरिकी आठवीं-कक्षा के निबंधों को लगभग सटीक पहचानते हैं, पर गैर-मूल अंग्रेज़ी लेखकों के 61.22% TOEFL निबंधों को “AI-लिखित” बता देते हैं। वजह यह मानी गई कि कई डिटेक्टर उस लेखन को संदिग्ध समझते हैं जो अनुमान-योग्य हो, और सीमित शब्द-भंडार वाला लेखन अक्सर ऐसा ही होता है।
भारत में, जहाँ अधिकांश विद्यार्थी अंग्रेज़ी दूसरी या तीसरी भाषा के रूप में लिखते हैं, इसका अर्थ है कि मेहनती और ईमानदार छात्र पर झूठा आरोप लग सकता है। इसलिए नीति साफ़ हो: डिटेक्टर का नतीजा केवल जाँच का संकेत है, सज़ा का आधार नहीं। फ़ैसला मसौदों, संवाद-लॉग, मौखिक परीक्षा और मानवीय समीक्षा से हो, और छात्र को अपील का अधिकार मिले। EAT (समता, एजेंसी, पारदर्शिता) और DASH C21 जैसे अंतरराष्ट्रीय ढाँचे मूल्यांकन को इसी भरोसे और पारदर्शिता की ओर ले जाते हैं।
एक सरल सूत्र: “सोच-पहले” मॉडल-
इन प्रमाणों से एक व्यावहारिक सिद्धांत निकलता है। AI पर प्रतिबंध लगाने की जगह उसके उपयोग का क्रम और भूमिका तय कीजिए। तीन नियम काफ़ी हैं:
पहले स्वयं प्रयास- कोई भी कार्य छात्र अपनी समझ से शुरू करे। रूपरेखा, पहला हल, पहला मसौदा उसका अपना हो।
AI प्रशिक्षक बने, उत्तर-मशीन नहीं- ऐसे उपकरण और निर्देश अपनाइए जो संकेत दें, प्रश्न पूछें और पूरा हल एक बार में न थमाएँ। Harvard और PNAS, दोनों प्रयोगों में यही डिज़ाइन काम आया।
सीख का प्रमाण- मूल्यांकन में केवल अंतिम उत्पाद नहीं, मसौदे, संवाद-लॉग और छात्र का प्रतिबिंब भी देखिए, ताकि सीखना दिखाई दे।
हर असाइनमेंट पर AI का स्तर लिखिए- Artificial Intelligence Assessment Scale (AIAS) पाँच स्तरों वाला ढाँचा है। इसे लागू करने वाले एक शिक्षण संस्थान के पायलट GenAI-संबंधी कदाचार में उल्लेखनीय कमी आई है, छात्र-उपलब्धि 5.9% और मॉड्यूल-उत्तीर्णता 33.3% बढ़ी है, नीचे इसका विवरण दिया जा रहा है:-
असाइनमेंट के लिए AI-उपयोग के स्तर (AIAS से प्रेरित प्रस्ताव)-
स्तर 0, AI-रहित: कक्षा-परीक्षा, मौखिक परीक्षा, प्रयोगशाला-कौशल।
स्तर 1, विचार-सहायक: विचार-मंथन और रूपरेखा में AI; मूल लेखन छात्र का; उपयोग का प्रकटीकरण।
स्तर 2, सुधार-सहायक: भाषा और शैली का सुधार; विषय-वस्तु छात्र की अपनी।
स्तर 3, सहयोगी: AI से मसौदा या विश्लेषण लेकर उसकी आलोचनात्मक जाँच; संवाद-लॉग जमा।
स्तर 4, अन्वेषक: AI की क्षमता और सीमाओं का परीक्षण ही असाइनमेंट का हिस्सा।
शिक्षकों को 90 दिन में तैयार कीजिए- तकनीक को विषय-ज्ञान और शिक्षण-पद्धति से जोड़ना, केवल उपकरण चलाना नहीं। UNESCO का शिक्षक-ढाँचा (2024) AI-क्षमता को तीन स्तरों, Acquire, Deepen और Create, में बाँटता है। इसी तर्ज़ पर पहले 30 दिन समझ और सुरक्षित प्रयोग, अगले 30 दिन एक असाइनमेंट का “सोच-पहले” पुनर्डिज़ाइन, और अंतिम 30 दिन सहकर्मी-मेंटरशिप तथा EdTech केंद्र में साझा सामग्री। शिक्षक को AI-सामग्री का समीक्षक बनाइए, ताकि वह भ्रम और पक्षपात पकड़ सके।
छात्रों को AI-साक्षर बनाइए- UNESCO का विद्यार्थी-ढाँचा मानव-केंद्रित सोच, AI की नैतिकता, तकनीकी समझ और AI-डिज़ाइन, चार आयामों पर चलता है। व्यवहार में तीन आदतें सिखाइए: जाँचो-मिलाओ (हर तथ्य और संदर्भ का मूल स्रोत से मिलान), पहले स्वयं और बताओ (AI-उपयोग का ईमानदार प्रकटीकरण)।
डेटा और समता सुरक्षित कीजिए- छात्र-रिकॉर्ड और परीक्षा-सामग्री सार्वजनिक उपकरणों में न डाली जाए; DPDP अधिनियम के अनुरूप सहमति और संस्थागत या स्थानीय मॉडल अपनाए जाएँ। सशुल्क उपकरण वालों को अनुचित बढ़त न मिले, इसलिए सबके लिए बुनियादी पहुँच और हिंदी तथा क्षेत्रीय भाषाओं में सुविधा हो।
प्रभाव मापिए, उपयोग नहीं- “कितने लोग AI चलाते हैं” सफलता का माप नहीं। देखिए कि AI-रहित परीक्षा में प्रदर्शन कैसा है, भाषा-पृष्ठभूमि के अनुसार परिणाम-अंतर कितना है, और गलत आरोपों की दर क्या है। नीति की समीक्षा हर 6 से 12 महीने में हो, क्योंकि तकनीक उससे तेज़ी से बदल रही है।
भारत की अपनी चुनौती: पैमाना और भाषा-
भारत में उच्च शिक्षा का नामांकन 2023–24 में 4.50 करोड़ तक पहुँचा, और NEP 2020 का लक्ष्य 2035 तक सकल नामांकन अनुपात को 50% करना है। इतने बड़े पैमाने पर शिक्षक-विद्यार्थी अनुपात और व्यक्तिगत ध्यान की कमी पाटने में AI-ट्यूटर वास्तव में काम आ सकते हैं। FICCI–EY-Parthenon के 2025 के सर्वेक्षण के अनुसार आधे से अधिक भारतीय संस्थान शिक्षण-सामग्री बनाने में जनरेटिव AI का उपयोग कर रहे हैं और लगभग 60% संस्थान छात्रों को AI-उपकरणों की अनुमति देते हैं। सरकार ने भी बजट 2025 में शिक्षा में AI के उत्कृष्टता केंद्र के लिए ₹500 करोड़ की घोषणा की है, पर अनुमति देना नीति नहीं है। बिहार जैसे राज्यों के कॉलेजों में सीमित शिक्षक-संख्या और असमान ढाँचे को देखते हुए साझा लाइसेंस, ओपन-सोर्स मॉडल और विश्वविद्यालय-समूहों के बीच साझा प्रशिक्षण अधिक व्यावहारिक रास्ता है। और भाषा का सवाल सबसे बड़ा है: अगर ट्यूटर, सामग्री और फ़ीडबैक केवल अंग्रेज़ी में रहे, तो AI अंग्रेज़ी-सहज वर्ग की बढ़त और बढ़ा देगा। NEP संस्थानों को पाठ्यक्रम, पद्धति और मूल्यांकन में स्वायत्तता देती है और ज्ञान के अनुप्रयोग की जाँच पर बल देती है। “सोच-पहले” मॉडल इस भावना के अनुकूल है।
कुछ असहज सच भी-
गढ़े हुए संदर्भ: AI आत्मविश्वास से ऐसे शोध-पत्र उद्धृत कर देता है जो हैं ही नहीं। एक अध्ययन में GPT-3.5 के 55% और GPT-4 के 18% उद्धरण गढ़े हुए निकले; 2025 के एक अध्ययन में आठ चैटबॉटों में औसतन 39.8% संदर्भ गढ़े गए। दर घटी है, शून्य नहीं हुई।
पर्यावरण की क़ीमत: GPT-3 के प्रशिक्षण का अनुमानित उत्सर्जन लगभग 552 टन CO₂e है। इसलिए छोटे और विशेष-प्रयोजन मॉडल को प्राथमिकता देना भी नीति का हिस्सा हो।
पक्षपात और “ब्लैक-बॉक्स”: मॉडल ऐतिहासिक डेटा से सीखकर कुछ समूहों के विरुद्ध झुक सकते हैं और ग्रेड का कारण समझा नहीं पाते। निर्णायक मूल्यांकन में अंतिम फ़ैसला मानवीय हाथ में रहे।
प्रमाण की सीमा: ऊपर के कई अध्ययन छोटे, प्रारंभिक या विदेशी संदर्भ के हैं। भारत में बड़े और दीर्घकालिक अध्ययनों की ज़रूरत है। तब तक छोटे पायलट चलाइए और उनके परिणाम खुले रूप से साझा कीजिए।
मूल्यांकन में नैतिक जोखिम और समाधान-
मूल्यांकन अकादमिक विश्वसनीयता की रीढ़ है। AI ने इसमें दक्षता दी है, पर नए जोखिम भी जोड़े हैं। नीचे प्रत्येक जोखिम के साथ उसका प्रमाण और व्यावहारिक समाधान पर भी विचार किया जा सकता है।
तालिका:- प्रमुख नैतिक जोखिम, प्रमाण और समाधान
जोखिम
प्रमाण / स्थिति
समाधान
एल्गोरिद्मिक पूर्वाग्रह
मॉडल ऐतिहासिक और पक्षपातपूर्ण डेटा से सीखते हैं और कुछ सामाजिक-आर्थिक, भाषाई या अन्य समूहों के विरुद्ध झुक सकते हैं।
निर्णायक ग्रेडिंग में मानवीय समीक्षा; समूह-वार परिणामों का नियमित ऑडिट।
डिटेक्टरों की गलत पहचान (False Positives)
गैर-मूल अंग्रेज़ी लेखकों के 61.22% निबंध गलती से AI-लिखित चिह्नित
डिटेक्टर को अकेले आधार न बनाएँ; प्रक्रिया-प्रमाण, मौखिक बातचीत और अपील का अधिकार।
ब्लैक-बॉक्स और पारदर्शिता
डीप-लर्निंग मॉडल अक्सर ग्रेड का कारण नहीं समझा पाते।
रुब्रिक-आधारित, व्याख्येय मूल्यांकन; उच्च-दाँव निर्णयों में AI केवल सहायक।
भ्रम और गढ़े हुए संदर्भ
GPT-3.5 में 55%, GPT-4 में 18% गढ़े संदर्भ; नए चैटबॉटों में औसत 39.8%
सत्यापन की अनिवार्य आदत; DOI-जाँच; पुस्तकालय-सहायता।
कॉग्निटिव ऑफलोडिंग
प्रारंभिक EEG-संकेत और गणित-प्रयोग में परीक्षा-हानि
“सोच-पहले” चक्र; AI-रहित मूल्यांकन-अवसर; निर्देशित ट्यूटर।
डेटा-निजता और आईपी
सार्वजनिक उपकरणों में छात्र-डेटा व प्रश्नपत्र जाने का जोखिम।
DPDP-अनुरूप सहमति; संस्थागत या स्थानीय मॉडल; उपयोग-लॉग
डिजिटल विभाजन
सशुल्क उपकरणों से अनुचित बढ़त; कमज़ोर इंटरनेट।
सबको बुनियादी लाइसेंस, कैंपस-सुविधाएँ, ऑफ़लाइन-अनुकूल विकल्प।
पर्यावरणीय प्रभाव
GPT-3 के प्रशिक्षण का अनुमानित उत्सर्जन लगभग 552 टन CO₂e, उपयोग की ऊर्जा-खपत इससे अलग मुद्दा है।
छोटे या विशेष-प्रयोजन मॉडल को प्राथमिकता; अनावश्यक उपयोग से बचना।
सोचने का साथी, सोचने का विकल्प नहीं:
AI उच्च शिक्षा के लिए केवल एक तकनीकी उपकरण नहीं, बल्कि एक अकादमिक परिवर्तन का वाहक है। पर प्रमाण बताते हैं कि नतीजा तकनीक से नहीं, डिज़ाइन, क्रम और मानवीय निगरानी से तय होता है। सफल एकीकरण का सूत्र “मानव-मशीन हाइब्रिड मॉडल” (Human-in-the-Loop) है: गति और स्वचालन तकनीक से आए, पर अंतिम निर्णय, मार्गदर्शन और सहानुभूति मानवीय हाथों में रहे। जो विश्वविद्यालय आज स्पष्ट नियम, तैयार शिक्षक और साक्षर छात्र बना लेंगे, वे AI का लाभ उठाएँगे। जो केवल प्रतिबंध या केवल छूट के बीच झूलते रहेंगे, उनके छात्र अभ्यास में आगे दिखेंगे और परीक्षा में पीछे रह जाएँगे।
महत्वपूर्ण सुझाव:-
शिक्षक: अपना एक असाइनमेंट चुनिए और उस पर AI का स्तर (0 से 4) लिख दीजिए।
छात्र: अगली बार AI खोलने से पहले दस मिनट स्वयं प्रयास कीजिए, फिर संकेत माँगिए, उत्तर नहीं।
कुलपति/प्राचार्य: एक छोटी AI-समिति बनाइए, जिसमें शिक्षक और छात्र प्रतिनिधि हों, और 90 दिन में पहली नीति-रूपरेखा माँगिए।
