संवैधानिक पद पर बैठे लोग सजायाफ्ता को भी बना रहे आदर्श: विजय सिन्हा

 

पटना, बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांगठनिक चुनाव और लालू प्रसाद के फिर से अध्यक्ष पद पर चुने जाने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आखिर पार्टी को इतने नाटक करने की जरूरत क्या है। लालू प्रसाद को एक ही बार आजीवन अध्यक्ष की घोषणा कर दे।

उन्होंने राजद को परिवार की पार्टी बताते हुए सवालिया लहजे में कहा कि क्या राजद में ऐसा कोई सक्षम व्यक्ति नहीं जिसे पार्टी का नेतृत्व एक बार भी दिया जा सके।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री सिन्हा ने कहा कि पार्टी के किसी व्यक्ति पर भी इस परिवार को विश्वास नहीं है, तभी तो ’युवराज’ पांच-पांच बडे विभाग अपने पास रखकर आर्थिक अपराध के पुरोधा के नेतृत्व में अपने दल को आगे बढ़ाने का संकल्प लेकर चल रहे हैं।

ऐसे व्यक्ति से बिहार की सेवा की क्या उम्मीद की जा सकती है।

उन्होंने आगे कहा कि देश के सबसे बडे घोटालों में एक चारा घोटाला में सजायाफ्ता जिसे कानून मुखिया का चुनाव भी लड़ने की इजाजत नहीं देता, उसे बड़ा भाई मानकर आदर्श व्यक्ति के रूप में प्रस्तुत करना क्या किसी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा देता है।

उन्होंने कहा कि क्या लोकतंत्र इसकी इजाजत देता है। श्री सिन्हा ने छोटे भाई से सवाल करते हुए कहा कि क्या ऐसे ही भ्रष्टाचारी लोगों की जमात को इकट्ठा कर पीएम बनने का सपना देखा जा सकता है और क्या इसी बिहार के मॉडल को देश में भी लागू करने की योजना है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जहां बूथ का कोई भी कार्यकर्ता कोई भी सपना देख सकता है और पार्टी के सर्वोच्च पद पर पहुंचकर राष्ट्रवाद के मिशन को पूरा कर सकता है।

Related posts

Leave a Comment