द रीच फाउंडेशन ने बिहार ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के लिए वित्तीय साक्षरता एवं बीमा जागरूकता सत्र आयोजित किया

पटना। सामाजिक संस्था द रीच फाउंडेशन द्वारा बिहार ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मियों के लिए दो दिवसीय वित्तीय साक्षरता एवं बीमा जागरूकता सत्र का आयोजन पटेल भवन सभागार, पटना में किया गया। इस पहल का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को वित्तीय रूप से अधिक जागरूक, सुरक्षित एवं सशक्त बनाना था।

कार्यक्रम में व्यक्तिगत वित्तीय प्रबंधन, बजट निर्माण, नियमित बचत, निवेश के मूल सिद्धांत, आपातकालीन निधि, जीवन एवं स्वास्थ्य बीमा तथा वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से वित्तीय योजना के महत्व को समझाया तथा उनके प्रश्नों का समाधान भी किया।

इस अवसर पर द रीच फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि समाज की सुरक्षा में दिन-रात समर्पित रहने वाले पुलिस कर्मियों का आर्थिक रूप से सशक्त होना भी उतना ही आवश्यक है। वित्तीय जागरूकता न केवल व्यक्ति और उसके परिवार के भविष्य को सुरक्षित करती है, बल्कि उसे अधिक आत्मविश्वास एवं मानसिक संतुलन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में भी सहायता करती है।

द रीच फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा, वित्तीय साक्षरता, कौशल विकास तथा सामुदायिक विकास के क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य विभिन्न वर्गों तक उपयोगी ज्ञान और जागरूकता पहुँचाकर समाज में सकारात्मक एवं स्थायी परिवर्तन लाना है।

द रीच फाउंडेशन ने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु बिहार ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply