भागलपुर में शैक्षणिक वेबसाइट ‘नव-यत्न’ का लोकार्पण, ई-मैगजीन और पॉडकास्ट चैनल का भी हुआ शुभारंभ

10 जून 2026, भागलपुर। बुधवार को भागलपुर प्रमंडल के शिक्षा विभाग की ओर से, क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक के संरक्षण में शैक्षणिक वेबसाइट ‘नव-यत्न’ का लोकार्पण आरडीडीई, भागलपुर द्वारा किया गया। इस वेबसाइट के अंतर्गत त्रैमासिक पत्रिका ‘नव-यत्न’ तथा एक पॉडकास्ट चैनल का भी शुभारंभ किया गया। ई-मैगजीन का विमोचन एससीईआरटी के उपनिदेशक संजय कुमार द्वारा किया गया। इसके बाद आरडीडीई कार्यालय में उपस्थित सभी कर्मियों एवं पदाधिकारियों ने भौतिक रूप से पत्रिका का लोकार्पण किया।

क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक ने सभी यत्नार्थी टीम सदस्यों एवं ऑनलाइन जुड़े शिक्षकों से कहा कि वे नित्य नए नवाचार करते रहें तथा अपने विद्यालयों में ईमानदारीपूर्वक शिक्षण कार्य करें। उन्होंने ‘नव-यत्न’ के शुभारंभ के लिए प्रधान संपादिका शालिनी एवं उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की। एससीईआरटी के उपनिदेशक श्री संजय कुमार ने कहा कि शिक्षा की बातें केवल किताबों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उन्हें कक्षा-कक्ष तक भी पहुंचना चाहिए।

वरिष्ठ शिक्षाविद एवं सीटीई, भागलपुर के पूर्व प्राचार्य राकेश कुमार ने भागलपुर प्रमंडलवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अंग प्रदेश की यह भूमि अत्यंत ऊर्जावान है।

सह-संपादक सिद्धांत ने पत्रिका के विभिन्न बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘नव-यत्न’ का यह सफल लोकार्पण केवल एक पत्रिका, वेबसाइट या पॉडकास्ट चैनल के शुभारंभ का अवसर नहीं है, बल्कि यह हम सभी के सामूहिक सपनों, परिश्रम, समर्पण और विश्वास की सफलता का उत्सव है।

कार्यक्रम में बांका के जिला शिक्षा पदाधिकारी देवनारायण पंडित, डीपीओ (समग्र शिक्षा अभियान) बांका राजकुमार राजू, कार्यक्रम पदाधिकारी आरडीडीई कार्यालय भागलपुर दिव्या श्री राय, मैगजीन के मुख्य डिज़ाइनर अंकित कुमार (उच्च माध्यमिक विद्यालय, लश्करी, रजौन, बांका), मुकेश कुमार मंडल (शिक्षक, प्लस-2 विद्यालय, जग्गालाल, भागलपुर), पत्रिका के सहयोगी यत्नार्थी, डायट की प्राचार्या श्रुति चौबे तथा सीटीई भागलपुर की प्राचार्या मीनाक्षी चतुर्वेदी भी इस लोकार्पण समारोह में आरडीडीई कार्यालय, भागलपुर में भौतिक रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का समापन मुख्य यत्नार्थी टीम के वरीय शिक्षक उमाकांत जी, जो प्रोन्नत मध्य विद्यालय, खरिहरा उर्दू बालक, बाराहाट (बांका) के प्रधानाध्यापक हैं, द्वारा विधिवत किया गया। उन्होंने कहा कि अब हमारी टीम की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। ‘नव-यत्न’ निरंतरता, गुणवत्ता और विश्वसनीयता के साथ आगे बढ़ते हुए शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को एक सशक्त मंच प्रदान करेगा।

बांका के डीईओ देवनारायण पंडित ने कहा कि शैक्षिक नवाचार के प्रयास निरंतर होते रहने चाहिए। वहीं, डीपीओ राजकुमार राजू ने शुभकामनाएं देते हुए ‘नव-यत्न’ टीम के यत्नार्थियों को भविष्य में भी सहयोग देने का आश्वासन दिया।

इस ऑनलाइन कार्यक्रम की होस्टिंग प्रधान संपादिका एवं शिक्षिका शालिनी ने की।

कार्यक्रम से जुड़े कुछ शिक्षकों ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए, जिनमें मुकेश मंडल (प्लस-टू स्कूल, जगलाल नगर निगम, भागलपुर), राघवेंद्र कुमार झा (प्रधानाध्यापक, मध्य विद्यालय, लखपुरा बालक, बाराहाट, बांका) तथा श्रीमती ज्योति कुमारी (विशिष्ट शिक्षिका, मध्य विद्यालय, भनरा, चांदन, बांका) शामिल थीं।

Leave a Reply