पटना, 22 फरवरी 2026: राजेंद्र नगर (रोड नं. 6) स्थित टेंडर हार्ट्स इंटरनेशनल स्कूल का वार्षिक उत्सव प्रेमचंद रंगशाला में अत्यंत भव्य और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और सांस्कृतिक उत्कृष्टता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। रंगारंग प्रस्तुतियों से पूरा सभागार उत्साह और तालियों की गूंज से भर उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में गृह विभाग, बिहार के संयुक्त सचिव नवीन चंद्रा उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता प्राप्त करना नहीं, बल्कि व्यक्तित्व का समग्र विकास करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी तथा विद्यालय की गतिविधियों की सराहना की।
विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत, गणेश वंदना, समूह नृत्य, नाटक और समूहगान ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कक्षा सात की छात्राओं ने संस्थापक, निदेशक और शिक्षकों के विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यालय की उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रस्तुति और ‘क्या करें और क्या न करें’ विषयक संदेश ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन रेवा भार्गव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रवि भार्गव ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के निदेशक लायन राजीव भार्गव ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए निःशुल्क अध्ययन सुविधा, रियायती शुल्क तथा ड्रेस और पुस्तकों को आधे मूल्य पर उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस पहल का उपस्थित लोगों ने स्वागत किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण और कृतज्ञता की भावना के साथ हुआ। बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षकगण और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
