डॉ. मृणालिनी अखौरी की गीतों और गजलों ने जेसोवा दिवाली मेले में बांधा समां

रांची : मोराबादी मैदान में जेसोवा की ओर से आयोजित दिवाली मेला-2026 में झारखंड की मशहूर गायिका डॉ. मृणालिनी अखौरी ने अपनी सुरीली आवाज में गीतों और गजलों की शानदार प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति को जेसोवा की सदस्यों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. मृणालिनी ने मशहूर गजल गायक जगजीत सिंह की लोकप्रिय गजल ‘तुमको देखा तो ये ख्याल आया’ से की। इसके बाद श्रोताओं की फरमाइशों का सिलसिला शुरू हुआ और उन्होंने एक के बाद एक दर्शकों की पसंद की गजलों की फरमाइश पूरी की। उन्होंने ‘होंठों से छू लो तुम, मेरा गीत अमर कर दो’, ‘होश वालों को खबर क्या, बेखुदी क्या चीज है’ और ‘तुम इतना जो मुस्कुरा रहे हो’ जैसी लोकप्रिय गजलें प्रस्तुत कीं।
कार्यक्रम का खास आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब एक बुजुर्ग दंपत्ति ने फरीदा खानम की मशहूर गजल ‘आज जाने की जिद न करो’ सुनाने की फरमाइश की। डॉ. मृणालिनी की भावपूर्ण प्रस्तुति ने पूरे मेला परिसर को गजलों की सुरमयी दुनिया में डुबो दिया। इस खूबसूरत प्रस्तुति की उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में देश के जवानों को समर्पित गजल ‘चिट्ठी आई है, वतन से चिट्ठी आई है’ और लोकप्रिय गीत ‘गली में आज चांद निकला’ की प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

Leave a Reply