सोनपुर – विषाक्त भोजन खाने से करीब दो सौ से अधिक लोग हुए बीमार

सोनपुर थानांतर्गत बैजलपुर गांव में बरात के दौरान विषाक्त भोजन खाने से करीब दो सौ से अधिक लोग बीमार हो गए। रविवार रात भोज खाने वाले लोग सोमवार की सुबह से लगातार बीमार पड़ने लगे तो हड़कम्‍प मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बैजलपुर गांव के अखिलेश सिंह की पुत्री की शादी के उपलक्ष्य में भोज का आयोजन किया गया था। उसमें खाने वाले कुछ लोगों ने सोमवार को सुबह में उल्टी-दस्त की शिकायत की। बीमार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इसके बाद एक-एक कर बीमार होनेवाले लोगों की संख्या बढऩे लगी। सोमवार शाम तक करीब दो सौ लोग बीमार पड़ गए। इसकी सूचना मिलने पर सिविल सर्जन डॉ. माधवेश्वर झा ने छपरा से मेडिकल टीम गांव भेजी।

सिविल सर्जन ने भी गांव पहुंच कर इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। बीमार लोगों का इलाज किया जा रहा है। गांव में मेडिकल टीम कैंप कर रही है। जीवन रक्षक दवाओं के साथ एंबुलेंस लेकर मेडिकल टीम पहुंची है।

बारात का विषाक्त भोजन खाने से बीमार विकास सिंह, राजन सिंह, वीर महाराज, अनु कुमारी, प्रियव्रत कुमार, ऋतुराज, अंजली कुमारी, अर्चना कुमारी, अमृता देवी, सुदामा देवी सहित करीब 200 लोगों का उपचार रेफरल अस्पताल में चल रहा है। जबकि, अनेक लोग निजी अस्पताल में भर्ती है।

Related posts

Leave a Comment