राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों समेत विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां होंगी सम्मानित
कासा पिकोला स्कूल क्रिकेट लीग सीजन-6 के विजेता व उपविजेता टीमों के प्लेयर्स भी होंगे पुरस्कृत
पटना, 06 मई। टर्निंग प्वायंट और ग्रामीण एजुकेशनल एंड सोशल वेलफेयर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 23 मई को राजेंद्रनगर स्थित प्रेमचंद्र रंगशाला हॉल में भव्य ‘सरदार पटेल सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में खेल, शिक्षा, कला, पत्रकारिता, स्वास्थ्य, व्यापार और समाज सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
टर्निंग प्वायंट के एमडी विजय शर्मा ने बताया कि इस समारोह में विभिन्न खेलों से जुड़े कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा हाल ही में संपन्न कासा पिकोला स्कूल क्रिकेट लीग सीजन-6 की विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों समेत अन्य प्रतिभागियों को भी सम्मान मिलेगा।
विजय शर्मा ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल सम्मान देना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक कार्य करने वाले लोगों को एक साझा मंच पर लाना है। खेल, शिक्षा, कला, स्वास्थ्य और सामाजिक क्षेत्र में कई ऐसे लोग हैं जो वर्षों से चुपचाप समाज के लिए काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों को पहचान और सम्मान मिलना बेहद जरूरी है। सरदार पटेल सम्मान समारोह इसी सोच का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि इस बार समारोह में विभिन्न खेलों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की मौजूदगी कार्यक्रम को और विशेष बनाएगी। युवा खिलाड़ियों को अपने आदर्श खिलाड़ियों से मिलने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा। साथ ही उभरती प्रतिभाओं को यह एहसास होगा कि मेहनत और समर्पण से बड़े मंच तक पहुंचा जा सकता है।
विजय शर्मा ने आगे कहा कि टर्निंग प्वायंट पिछले पांच वर्षों से लगातार इस तरह के आयोजन करता आ रहा है। हर साल हमें समाज के विभिन्न वर्गों से अच्छा सहयोग और उत्साह मिलता है। इस बार हम कार्यक्रम को पहले से ज्यादा व्यवस्थित, प्रेरणादायक और यादगार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। समारोह में खेल जगत के अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, कला, व्यापार और सामाजिक सेवा से जुड़े लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां सरदार पटेल स्पोर्ट्स फाउंडेशन के संस्थापक संतोष तिवारी के दिशा निर्देश में और आयोजन सचिव नवीन कुमार की देखरेख में शुरू कर दी गई हैं और आयोजन को भव्य रूप देने के लिए कई स्तरों पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं और अन्य कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम में पटना नगर निगम के वार्ड पार्षद, सशक्त समिति के सदस्य और कई गणमान्य लोग भी शामिल होंगे। विजय शर्मा ने कहा कि सम्मानित होने वाले व्यक्तियों की सूची जल्द जारी की जाएगी और आयोजन को लेकर समाज के विभिन्न वर्गों में उत्साह का माहौल है।
