संजीव झा ने मैथली-भोजपुरी अकादमी, दिल्ली के उपाध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया

दिल्ली: बुराड़ी विधायक संजीव झा ने आज सोमवार को झंडेवालान स्तिथ आपूर्ति भवन पहुँचकर मैथिली-भोजपुरी अकादमी, दिल्ली सरकार के उपाध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण किया। अकादमी पूर्व उपाध्यक्ष नीरज पाठक, सचिव संजय जैन
ने पुष्पगुच्छ देकर संजीव झा का स्वागत किया।

संजीव झा ने अकादमी के नवनियुक्त मनोनीत सदस्यों से औपचारिक मुलाकात कर शुभकामनाएं दी और कहा- मुझे विश्वास है कि मैथिली – भोजपुरी भाषा के उत्थान में किये जाने वाले प्रयासों में आप सभी का समर्थन प्राप्त होता रहेगा।

संजीव ने कहा कि भोजपुरी लगभग एक हजार साल पुरानी भाषा है, जो देश में हिंदी के बाद सबसे ज्यादा लोगों द्वारा बोली जाती है। इसके पास अपना समृद्ध साहित्य, अपार शैक्षणिक साम‌र्थ्य, एक समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत विद्यमान है। भोजपुरी का बढ़ता दायरा आज देश के अनेक विश्वविद्यालयों में भोजपुरी की पढ़ाई हो रही है।

दिल्ली सरकार ने मैथिली-भोजपुरी अकादमी की स्थापना कर भोजपुरी भाषा, कला व संस्कृति को नए आयाम प्रदान करने के साथ-साथ इन्हें नई पहचान दी है। मूल रूप से पूर्वाचल क्षेत्र में मनाया जाने वाला महापर्व छठ आज धीरे-धीरे संपूर्ण भारत में उत्साहपूर्वक मनाया जाने लगा है। यह भोजपुरी/पूर्वाचल की संस्कृति की व्यापकता का परिचायक है। केंद्र व दिल्ली सरकार के कार्यालयों में छठ के अवसर पर वैकल्पिक अवकाश दिया जाता है।

पदभार ग्रहण करने के मौके पर अकादमी पूर्व उपाध्यक्ष नीरज पाठक एवं मैथिली भोजपुरी अकादमी के सचिव संजय जैन मौजूद रहे। वहीं, आम आदमी पार्टी बिहार के प्रदेश प्रवक्ता बबलू प्रकाश, प्रदेश मीडिया प्रभारी मृणाल राज ने संजीव झा को टेलीफोन पर शुभकामनाएं दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *