इंडस टॉवर्स ने बाढ़ प्रभावित बिहार के लोगों की बढ़ाई मदद, 1,000 से अधिक लोगों तक पहुंचाई राहत सामग्री

बिहार में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए इंडस टॉवर्स लिमिटेड ने मानवीय पहल की है। कंपनी ने पूर्णिया और सहरसा जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 1,000 से अधिक लोगों तक राहत सहायता पहुंचाई है। इस अभियान के तहत जरूरतमंद परिवारों के बीच आवश्यक खाद्य सामग्री और राशन किट का वितरण किया जा रहा है।

कंपनी के प्रमुख सामाजिक उत्तरदायित्व कार्यक्रम ‘प्रगति’ के अंतर्गत स्थानीय प्रशासन के सहयोग से यह राहत अभियान संचालित किया जा रहा है। कोसी नदी में भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद आई बाढ़ ने बिहार के कई इलाकों में भारी तबाही मचाई है। इस आपदा से लगभग 18 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के कारण हजारों परिवारों के सामने भोजन, आवास और दैनिक जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।

इस पहल पर इंडस टॉवर्स लिमिटेड के बिहार एवं झारखंड सर्कल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रितेश बत्सा ने कहा कि बाढ़ के बाद प्रभावित परिवार अपने जीवन को फिर से सामान्य बनाने में जुटे हैं। पूर्णिया और सहरसा के लोगों ने कठिन परिस्थितियों में साहस और धैर्य का परिचय दिया है। कंपनी का प्रयास है कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत और आवश्यक सहायता पहुंचाई जाए।

उन्होंने कहा कि जरूरत के समय एक-दूसरे के साथ खड़े रहना ही किसी भी समुदाय की असली ताकत है।

कंपनी ने आगे भी ‘प्रगति’ कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय प्रशासन और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर राहत, पुनर्वास तथा भविष्य में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई है।

Leave a Reply