08 मई 2026, पटना। गोरखपुर के सांसद सह फिल्म अभिनेता रवि किशन ने आज पटना में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर मुख्यमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। इस दौरान उन्होंने उनके कार्यकाल के स्वर्णिम होने की कामना की और कहा कि वे मुख्यमंत्री के मुरीद हो गये। बिहार को एक बेहतरीन मुख्यमंत्री मिला है, जो देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के विजन को आगे बढाते हुए विकास की नयी गाथा लिखने को समर्पित हैं।
रवि किशन ने कहा कि आज हुई मुलाकात में मुख्यमंत्री के साथ बिहार में फिल्म सिटी की स्थापना, भोजपुरी सिनेमा के विकास, कलाकारों को प्रोत्साहन और राज्य में फिल्म शूटिंग के लिए बेहतर माहौल तैयार करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस विषय को बेहद गंभीरता से लिया और बिहार में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के प्रति गहरी रुचि दिखाई।
रवि किशन ने कहा कि बिहार में फिल्म सिटी बनने से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय कलाकारों, संगीतकारों तथा तकनीशियनों को बड़ा मंच मिलेगा। उन्होंने बताया कि सरकार हिंदी फिल्मों और भोजपुरी सिनेमा की शूटिंग को प्रोत्साहित करने के लिए सब्सिडी योजना पर भी विचार कर रही है। साथ ही भोजपुरी भाषा, साहित्य और इतिहास पर आधारित फिल्मों को बढ़ावा देने के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बिहार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के बाद फिल्म उद्योग के लिए अनुकूल माहौल तैयार होगा। इसी दिशा में हाल ही में बिहार में जी अवॉर्ड जैसे बड़े कार्यक्रम की शुरुआत हुई है और आने वाले समय में कई बड़े अवॉर्ड शो, सांस्कृतिक कार्यक्रम और फिल्मों की शूटिंग राज्य में आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा। रवि किशन ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी क्षेत्रीय कलाकारों और भोजपुरी भाषा को राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने को लेकर काफी गंभीर और संवेदनशील हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के कार्यकाल में बिहार में फिल्म और मनोरंजन उद्योग का एक नया दौर शुरू होगा।
