रामा सिंह की पार्टी में एंट्री को लेकर RJD के संकटमोचक रहे रघुवंश प्रसाद सिंह हैं नाराज, तेजस्वी के सामने लगे मुर्दाबाद के नारे

विधानसभा चुनाव को देखते हुए बिहार में सियासी सरगर्मी परवान पर है। इस बीच राष्‍ट्रीय जनता दल का सियासी ड्रामा भी जारी है। पार्टी में रामा सिंह  की एंट्री के मामले में घमासान मचा है। रामा सिंह की पार्टी में एंट्री को लेकर आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव  के संकटमोचक रहे रघुवंश प्रसाद सिंह नाराज हैं। राजद ने रामा सिंह की पार्टी में इंट्री की तरीख तय कर दी तो उनका गुस्सा और बढ़ गया। हालांकि उन्होंने अस्पताल से निकलने के बाद ही कोई राजनीतिक बात करने की बात कही है।

इस बीच रधुवंश के समर्थकों ने राबड़ी देवी के आवास के सामने जाकर रामा सिंह का जम कर विरोध किया। उन्‍होंने तेजस्‍वी यादव के सामने ही मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। कार्यकर्ता रामा सिंह पर यादवों का नुकसान करने का आरोप लगा रहे थे। हंगामा शांत करने जब तेजस्वी यादव राबड़ी आवास से निकले तो नारेबाजी और तेज हो गई। समझाने के बाद भी कार्यकर्ता नहीं माने। तेजस्‍वी ने कार्यकर्ताओं को समझाया। उन्‍हें बताया कि वे रामा सिंह को पार्टी में लाने के समर्थन में नहीं हैं। इसके बाद मामला शांत हुआ। इससे अब इतना तय लग रहा है कि रघुवंश की नाराजगी शांत होने वाली नहीं है। नतीजा उनके पार्टी छोड़ने तक पहुंच सकता है।

विदित हो कि पार्टी में रामा सिंह की एंट्री की बातों से नाराज डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह ने पार्टी उपाध्‍यक्ष पद से जून में ही इस्‍तीफा दे दिया है। तब से उन्‍हें मनाने की तमाम कोशिशें नाकामयाब रहीं हैं। इसी दौरान लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने क‍ह दिया कि रघुवंश प्रसाद की पार्टी में औकात एक लोटा पानी के बराबर है। आरजेडी के समंदर से एक लोटा पानी निकल भी जाए तो क्‍या फर्क पड़ता है। खुद रामा सिंह ने भी रधुवंश के खिलाफ बयान देकर आग में घी डाल दिया।

पूर्व सांसद रामा सिंह 29 अगस्त को राजद में शामिल होंगे। यह सूचना दिल्ली में इलाजरत रघुवंश प्रसाद सिंह को मिली तो वह काफी नाराज हो गए। अपनी नाराजगी से उन्होंने राजद प्रमुख को भी अवगत करा दिया। लिहाज दिल्ली से लौटते समय तेजस्वी यादव सीधे रांची गए और इस मसले पर लालू प्रसाद से बात की। चुनाव के पहले स्थिति बिगड़ती देख खुद लालू डैमेज कंट्रोल में जुट गए हैं। तेज प्रताप के बयान से खफा लालू ने बेटे को रांची बुलाया है। दोनों की आज मुलाकात हो रही है। इस बीच तेजस्‍वी ने भी स्‍पष्‍ट किया है कि रामा सिंह आरजेडी में नहीं लाए जा रहे। ऐसे में रामा सिंह की आरजेडी में एंट्री आरजेडी में मुश्किल हो गई है।

Related posts

Leave a Comment