पटना, 12 मई 2026:
नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने मंगलवार को विकास भवन स्थित कार्यालय कक्ष में अभियंत्रण कोषांग की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में विभाग अंतर्गत संचालित अभियंत्रण से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति पर वरीय अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार भी उपस्थित रहे।
कार्यों के समयबद्ध निष्पादन पर जोर
बैठक के दौरान मंत्री ने विभागीय योजनाओं के त्वरित एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी एक माह की स्पष्ट एवं लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार कर उसका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं एवं परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा निर्धारित अवधि पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि कार्यों में पारदर्शिता और गति बनी रहे।
मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश
नीतीश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय अभियंत्रण कार्यों को मिशन मोड में संचालित किया जाए तथा सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निविदा प्रक्रिया में तेजी लाने पर बल
बैठक में मंत्री ने निविदा प्रक्रिया में तेजी लाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि निविदा से संबंधित किसी भी कार्य को लंबित नहीं रखा जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाते हुए न्यूनतम समय में कार्य पूर्ण करने की दिशा में प्रभावी पहल की जाए।
शहरी आधारभूत संरचना मजबूत करने पर फोकस
उन्होंने कहा कि राज्य के शहरी क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर करने के लिए अभियंत्रण कार्यों का समय पर पूरा होना अत्यंत आवश्यक है। विभागीय अधिकारियों को समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ शीघ्र आम जनता तक पहुंचना चाहिए।
कई वरीय अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर, अपर सचिव मनोज कुमार, अभियंता प्रमुख सहित विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
