पटना मेट्रो का मलाही पकड़ी स्टेशन शुक्रवार से आम जनता के लिए खुल गया है, जिससे घनी आबादी वाले क्षेत्रों तक मेट्रो सेवा का विस्तार हुआ है।
पटना। राजधानी के लोगों के लिए पटना मेट्रो का दायरा और बढ़ गया है। पटना मेट्रो सेवा शुरू होने के करीब आठ माह के बाद घनी आबादी के बीच अब मेट्रो पहुंची है। शुक्रवार से मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन ने आम लोग यात्रा कर सकेंगे।
अब मलाहीपकड़ी से भूतनाथ तक का करीब तीन किलोमीटर का सफर मात्र आठ मिनट में पूरा किया जा सकेगा, जबकि मलाहीपकड़ी से आईएसबीटी तक पहुंचने में लगभग 20 मिनट लगेंगे। इस विस्तारित सेवा का शुभारंभ गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन कर किया।
वहीं, मलाही पकड़ी से जीरोमाइल और आईएसबीटी तक का किराया 30 रुपये रखा गया है। वर्तमान में मेट्रो चार स्टेशनों के बीच संचालित होगी और प्रतिदिन 24 फेरे लगाएगी। एक तरफ का पूरा सफर लगभग 35 मिनट में पूरा होगा। यात्रियों को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी।
मलाहीपकड़ी और भूतनाथ के बीच स्थित खेमनीचक स्टेशन का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है। इसे भविष्य में इंटरचेंज स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसी कारण फिलहाल यहां यात्रियों के चढ़ने और उतरने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
