आधुनिक कार्डियक जांच एवं इंटरवेंशनल उपचार की सुविधा से मरीजों को मिलेगा लाभ
पटना : कंकड़बाग स्थित पैनकार्डिया हार्ट हॉस्पिटल एंड मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में अत्याधुनिक नए कैथ लैब का शुभारंभ किया गया। कैथ लैब का उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. सी पी ठाकुर, विशिष्ट अतिथि आईजीआईसी के निदेशक डॉ. सुनील कुमार, पूर्व निदेशक डॉ. एस एस चटर्जी, आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सहजानंद प्रसाद सिंह के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर अस्पताल के सीनियर हार्ट सर्जन डॉ. संतोष पांडेय, सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुरुचि पांडेय, सीनियर इंटर्न कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. कुशाल विक्रम एवं निदेशक डॉ. राजू कुमार सहित चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर उपस्थित मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. सी पी ठाकुर ने कहा कि हृदय रोग आज एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य चुनौती है। ऐसे में आधुनिक तकनीक और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं को लोगों के करीब उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। पैनकार्डिया हार्ट हॉस्पिटल में नए कैथ लैब का शुभारंभ पटना और आसपास के मरीजों के लिए महत्वपूर्ण कदम है। मुझे उम्मीद है कि यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक तकनीक के माध्यम से मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी।
लोगों को अपने हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समय पर जांच कराने की आवश्यकता है। पैनकार्डिया हार्ट हॉस्पिटल के चेयरमैन व सीनियर हार्ट सर्जन डॉ. संतोष पांडेय ने कहा कि पैनकार्डिया हार्ट हॉस्पिटल का उद्देश्य लोगों को बेहतर और आधुनिक हृदय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। पिछले छह वर्षों से हम ओपन हार्ट सर्जरी की सेवाएं दे रहे हैं और अब नए कैथ लैब के माध्यम से कार्डियक डायग्नोसिस एवं इंटरवेंशनल ट्रीटमेंट की सुविधाओं को और मजबूत किया गया है। हमारा प्रयास है कि मरीजों को आवश्यक हृदय चिकित्सा के लिए बेहतर सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि आज से पैनकार्डिया हार्ट हॉस्पिटल में एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी, बीएएमवी, डिवाइस क्लोजर कि भी सुविधा भी उपलब्ध होगी। वहीं पैनकार्डिया हार्ट हॉस्पिटल की निदेशक व सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुरुचि पांडेय ने कहा कि महिलाओं और परिवारों में हृदय स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाना आज बहुत जरूरी है।
कई बार लोग शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं। आधुनिक कैथ लैब की सुविधा शुरू होने से हृदय संबंधी जांच और आवश्यक इंटरवेंशनल प्रक्रियाओं को बेहतर तरीके से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। हमारा प्रयास मरीज-केंद्रित चिकित्सा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को निरंतर मजबूत करना है। पैनकार्डिया हार्ट हॉस्पिटल के सीनियर इंटर्न कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. कुशाल विक्रम ने बताया कि जनरल कैथ लैब की प्रोसीजर के साथ – साथ ईलेक्ट्रोफीजियोलोजी स्टडी, एआईसीडी और सीआरटी – डी की सुविधा भी दी जाएगी। निदेशक डॉ. राजू कुमार ने कहा कि नए कैथ लैब के माध्यम से हृदय संबंधी रोगों की आधुनिक जांच तथा इंटरवेंशनल कार्डियक प्रक्रियाओं की सुविधा उपलब्ध होगी। नए कैथ लैब के जुड़ने से अस्पताल में हृदय रोगों से संबंधित उपचार की सुविधाओं का विस्तार हुआ है।
