‘नीलकमल खिल गया’ का विमोचन 26सितंबर को

प्रतापगढ़। जनपद के वरिष्ठ कथाकार प्रेम कुमार त्रिपाठी ‘प्रेम’ की दसवीं कृति “नीलकमल खिल गया” लघु कथा संग्रह का विमोचन पं. अनिल प्रताप त्रिपाठी ‘प्रवात’ (प्रबंधक इंटर कॉलेजेज एवं महामंत्री, जनपद हिंदी साहित्य सम्मेलन, प्रतापगढ़) के आवास त्रिपाठी निकेतन, सदर बाजार में आगामी 26 सितंबर को दोपहर 12 बजे से होगा।
कार्यक्रम आयोजक अखिल नारायण सिंह एवं संयोजक नियाज हसन ने अपने संयुक्त वक्तव्य में बताया कि यह कार्यक्रम जनपद हिंदी साहित्य सम्मेलन, प्रतापगढ़ के तत्वावधान में हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।
मालूम हो कि अमर कथाकार मुंशी प्रेमचंद का वास्तविक लेखन जनपद प्रतापगढ़ में रहने के दौरान ही आरंभ हुआ था। प्रेम कुमार, मुंशी प्रेमचंद की विरासत को संभालते हुए अब तक 150 से अधिक दीर्घ कथाएं एवं 75 लघु कथाएँ लिख चुके हैं। उपन्यास और काव्य पर भी उनकी लेखनी चली है।
सबक, लीला, दो मुट्ठी चावल, घर वापसी, मन का आंगन, हिसाब अभी बाकी है, बुक्का बुआ, दिल का दरवाजा, समय की लाठी के बाद “नीलकमल खिल गया” उनकी दसवीं कृति है। प्रेम कुमार दशकों से कहानियों के माध्यम से जनमानस को प्रेरित करने का कार्य कर रहे हैं। उनकी कहानियों में यथार्थवादिता एवं समाज का दर्द झलकता है।

Leave a Reply