राष्ट्रीय खेल दिवस पर दीघा में मिनी मैराथन रन फॉर फिटनेस का भव्य आयोजन, 500 से अधिक प्रतिभागियों ने दौड़कर दिया फिट दीघा, हिट दीघा का संदेश

दीघा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया की पहल एवं एम एस फाउंडेशन के सौजन्य से आयोजित दौड़ में पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद व बिहार सरकार के मंत्रियों की गरिमामयी उपस्थिति

पटना : भारतीय हॉकी के महान जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर दीघा विधानसभा क्षेत्र में केंद्र सरकार के फिट इंडिया अभियान को समर्पित भव्य मिनी मैराथन दौड़ रन फॉर फिटनेस का अत्यंत उत्साहजनक माहौल में आयोजन किया गया। दीघा के विधायक एवं बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक डॉ. संजीव चौरसिया की जन-कल्याणकारी पहल तथा एम एस फाउंडेशन के सौजन्य से आयोजित इस दौड़ में पटना के कोने-कोने से आए 500 से अधिक नागरिकों ने अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई।

इस दौड़ में युवाओं, महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों तथा खेल प्रेमियों ने एक साथ कदम से कदम मिलाकर दौड़ लगाई और फिट दीघा, हिट दीघा का गगनभेदी संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव, दीघा के विधायक एवं बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक डॉ. संजीव चौरसिया, विधायक संजय गुप्ता तथा विधायक रत्नेश कुशवाहा विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया तथा पूरे रास्ते धावकों का तालियों से उत्साहवर्धन करते रहे। इस अवसर पर पटना एवं बिहार के कई राष्ट्रीय व राज्यस्तरीय खेल हस्तियों, धावकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी शिरकत कर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा और खेल भावना से भरपूर इस मिनी मैराथन में पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम तीन स्थान प्राप्त विजेताओं को मंच से मुख्य अतिथियों द्वारा ट्रॉफी, पदक व नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रातः 6 बजे बिहार विधानसभा परिसर स्थित ऐतिहासिक सप्तमूर्ति (शहीद स्मारक) से झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया गया। देशभक्ति और फिटनेस के गीतों के बीच धावकों का विशाल समूह सप्तमूर्ति से प्रारंभ होकर स्ट्रेंड रोड, हज भवन, इको पार्क, नया सचिवालय और सरदार पटेल गोलम्बर से होते हुए वापस सप्तमूर्ति पहुँचकर दौड़ का समापन किया। सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि दीघा विधानसभा की देवतुल्य जनता और खासकर युवाओं का यह अभूतपूर्व उत्साह यह सिद्ध करता है कि हमारा दीघा जागरूक और ऊर्जावान है। वहीं बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि फिट दीघा, हिट दीघा का हमारा यह अभियान केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि दीघा को हर क्षेत्र में अव्वल बनाने का एक निरंतर संकल्प है। जब हमारा दीघा फिट रहेगा, तभी दीघा का हर नागरिक सशक्त और हिट रहेगा।

जबकि दीघा के विधायक एवं बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक डॉ. संजीव चौरसिया ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी पूंजी है। किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल करने या समाज निर्माण में योगदान देने के लिए शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का बेहतर होना पहली शर्त है। देश की युवा शक्ति समाज में बड़ा सकारात्मक बदलाव ला सकती है, लेकिन इसके लिए युवाओं को खुद को शारीरिक रूप से चुस्त-दुरुस्त रखना होगा। नियमित रूप से सुबह दौड़ना और योग-व्यायाम करना स्वस्थ जीवनशैली का मूल मंत्र है। मैराथन दौड़ में पुरुष वर्ग में क्रमसः आलोक कुमार यादव (प्रथम), राजन राज (द्वितीय) एवं संजीत कुमार (तृतीय) स्थान प्राप्त किया जबकि महिला वर्ग में क्रमसः साधना यादव (प्रथम), सोनाली कुमारी (द्वितीय) एवं अंकिता कुमारी (तृतीय) स्थान प्राप्त किया।

Leave a Reply