जयनगर की तीन लड़कियों ने राष्ट्रीय स्तर पर वॉलीबॉल में बिहार राज्य का किया प्रतिनिधित्व

जयनगर(मधुबनी); 10-01-2024:मधुबनी जिला के जयनगर प्रखण्ड की तीन लड़कियों ने राष्ट्रीय स्तर पर वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व किया है। ये तीनों खिलाड़ियाँ हाल ही में तमिलनाडु में आयोजित हुए वॉलीबॉल के U-17 आयुवर्ग अन्तर्गत राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार प्रांत का प्रतिनिधित्व कर वापस लौटी हैं। बिहार का प्रतिनिधित्व करने वाली ये बच्चियाँ चांदनी कुमारी, सोनी कुमारी और पूजा कुमारी है। प्रतियोगिता के दौरान इनके प्रशिक्षक प्रमोद कुमार यादव भी साथ रहे।

इस सम्बन्ध में मधुबनी के जिला खेल पदाधिकारी मयंक सिंह(वरीय उप समाहर्ता) ने बताया कि इन खिलाड़ियों ने मधुबनी जिले का नाम रौशन किया है और राज्य स्तरीय टीम में स्थान बनाकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रांत का प्रतिनिधित्व किया। वहीं इनके प्रशिक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि पिछले एक दशक में जयनगर की दर्जनों लड़कियां राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न आयुवर्ग में वॉलीबॉल, फुटबॉल, कबड्डी इत्यादि खेलों में जयनगर और मधुबनी जिले का नाम रौशन कर चुकी हैं। जिला खेल कार्यालय मधुबनी के प्रशिक्षक सुनील कुमार ठाकुर ने बताया कि जिले के प्रतिभाओं को जिला प्रशासन द्वारा आगे बढ़ने में हर तरह का सहयोग किया जा रहा है।

सुभाष सिंह यादव की रिपोर्ट

Related posts

Leave a Comment