मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को 5 साल बाद 57 रनों से हरा कर, पहुंची टॉप पर

आईपीएल के 13वें सीजन के 20वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस  ने बाजी मारी. मुंबई इंडियंस ने मंगलवार को शेख जायेद स्टेडियम में खेले गए आईपीएल-13 के मैच में राजस्थान रॉयल्स को 57 रनों से हरा दिया.  इसके साथ ही रोहित शर्मा की अगुवाई में मुंबई इंडियंस ने लगातार तीसरी जीत हासिल की. छह मैचों में मुंबई की यह चौथी जीत रही. वह बेहतर नेट रन रेट के आधार पर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई. मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 193 रन बनाए थे. राजस्थान 18.1 ओवरों में सभी विकेट खोकर 136 रन ही बना सकी.

दूसरी तरफ राजस्थान रॉयल्स की लगातार दो शुरुआती जीत के बाद यह लगातार तीसरी हार है. रॉयल्स की बल्लेबाजी नाकाम रही. लक्ष्य का पीछा करने उतरे रॉयल्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने तीसरे ओवर में 12 रन तक ही तीन विकेट गंवा दिए. राजस्थान के लिए जोस बटलर ने सबसे ज्यादा 70 रन बनाए. 44 गेंदों की उनकी पारी में चार चौके और पांच छक्के शामिल रहे. मुंबई के लिए जसप्रीत बुमराह ने चार विकेट लिए.

मौजूदा विजेता के लिए सूर्यकुमार यादव ने अर्धशतक जमाया. उन्होंने 79 रनों की पारी खेली जिसमें 47 गेंदों का सामना कर 11 चौके और दो छक्के मारे. हार्दिक ने उनका साथ देते हुए अंत में 19 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 30 रन बनाए. कप्तान रोहित शर्मा ने 35 रनों का योगदान दिया. राजस्थान के लिए श्रेयस गोपाल ने दो विकेट लिए, कार्तिक त्यागी और जोफ्रा आर्चर ने एक-एक विकेट लिया. मुंबई ने राजस्थान को 57 रनों से हराया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *