चित्रगुप्त सामाजिक संस्थान के सम्मान समारोह में 53 विभूतियां होंगी सम्मानित

10 नवंबर को पटना सिटी में आयोजित होगी सांस्कृतिक संध्या,
पटना, 07 नवंबर चित्रगुप्त सामाजिक संस्थान की ओर से भगवान श्री चित्रगुप्त पूजा महोत्सव के अवसर पर 10 नवंबर को पटना सिटी स्थित गिरिराज उत्सव पैलेस में सांस्कृतिक संध्या सह सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर साहित्य, कला, संस्कृति, संगीत, चिकित्सा, शिक्षा और समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 53 विभूतियों को सम्मान-अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।
संस्थान के प्रधान सचिव कमल नयन श्रीवास्तव ने बताया कि समारोह में नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद रविशंकर प्रसाद, प्रख्यात चिकित्सक पद्मश्री गोपाल प्रसाद सिन्हा, विधान पार्षद डॉ. संजय मयूख, विधायक रत्नेश कुमार तथा पूर्व कुलपति के.सी. सिन्हा सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त पूजा महोत्सव के अवसर पर आयोजित यह समारोह सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और प्रतिभाओं के सम्मान को समर्पित है। विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली विभूतियों को सम्मानित कर संस्थान उनके योगदान को समाज के सामने लाना चाहता है।
संस्थान के अध्यक्ष गणेश कुमार सिन्हा ने
ने कहा कि इस वर्ष 53 विभूतियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। सम्मान के लिए विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि साहित्य, कला, संस्कृति, संगीत, चिकित्सा, शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में काम करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना संस्थान का प्रमुख उद्देश्य है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह 10 नवंबर को अपराह्न दो बजे गिरिराज उत्सव पैलेस, बेलवरगंज, पश्चिम दरवाजा, पटना सिटी में आयोजित होगा। संस्थान ने समाज के लोगों से समारोह में शामिल होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।

Leave a Reply