23 अक्टूबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
पटना : बॉलीवुड अभिनेता गुरमीत चौधरी और अभिनेत्री ईशा मालवीय अपनी आगामी हिंदी फिल्म ‘तुम मेरे हो’ के प्रमोशन के लिए पटना पहुंचे। इस मौके पर फिल्म की निर्माता आरती सिंह और देबिना बनर्जी भी मौजूद रहीं। फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
पटना पहुंचने के बाद फिल्म की टीम ने प्रशंसकों और आम लोगों से मुलाकात की। कलाकारों ने शहर के स्थानीय बाजारों का भी दौरा किया और लोगों से जुड़कर फिल्म का प्रचार किया। टीम की इस यात्रा को लेकर प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
अभिनेता गुरमीत चौधरी ने कहा कि पटना आना मेरे लिए हमेशा खास होता है। बिहार से मेरा भावनात्मक जुड़ाव है और यहां के लोगों का प्यार मुझे हमेशा प्रेरित करता है। अपनी फिल्म ‘तुम मेरे हो’ के प्रमोशन की शुरुआत पटना से करना मेरे लिए बेहद खुशी की बात है। उम्मीद है कि दर्शकों को हमारी फिल्म पसंद आएगी और वे 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में इसे देखने जरूर पहुंचेंगे।
अभिनेत्री ईशा मालवीय ने कहा कि पटना आकर यहां के लोगों से मिलना और उनका उत्साह देखना बहुत अच्छा लग रहा है। फिल्म ‘तुम मेरे हो’ हमारे लिए बेहद खास है। हमें उम्मीद है कि दर्शक फिल्म की कहानी और हमारे किरदारों से जुड़ाव महसूस करेंगे। मैं चाहूंगी कि बिहार के दर्शक भी हमें भरपूर प्यार दें और फिल्म जरूर देखें।
फिल्म की निर्माता आरती सिंह एवं देबिना बनर्जी ने कहा कि आशीष पांडा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘तुम मेरे हो’ हमारे लिए एक खास प्रोजेक्ट है। फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाने के लिए पटना से प्रमोशन की शुरुआत करना हमारे लिए महत्वपूर्ण है। बिहार के दर्शकों का सिनेमा के प्रति प्यार और उत्साह हमेशा प्रेरणादायक रहा है। हमें विश्वास है कि दर्शक हमारी फिल्म को अपना प्यार देंगे और सिनेमाघरों में इसे देखने पहुंचेंगे।
फिल्म के कलाकारों का प्रबंधन टी4 टैलेंट मीडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया।
