महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा आयोजित महिला मेगा जॉब फेयर में उमड़ा उत्साह

पटना, 16 मार्च 2026: समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा आयोजित दो दिवसीय महिला मेगा जॉब फेयर (16–17 मार्च 2026) का शुभारंभ पटना स्थित ज्ञान भवन में हुआ। इस रोजगार मेले के पहले दिन 1188 महिलाओं को विभिन्न कंपनियों में रोजगार प्राप्त हुआ। मेले में लगभग 50 राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने भाग लेते हुए विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।

इस मेगा जॉब फेयर में बिहार के दूर-दराज़ और सुदूर क्षेत्रों से लगभग 5500 की संख्या में महिलाएं रोजगार की उम्मीद के साथ पटना पहुंचीं। राज्य के लगभग सभी जिलों से आई महिलाओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष रूप से प्रेरणादायक बना दिया। समाज के हर वर्ग की महिलाएं—ग्रामीण और शहरी पृष्ठभूमि से आने वाली युवतियां, शिक्षित बेरोजगार महिलाएं, कौशल प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागी तथा विभिन्न सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि की महिलाएं—भारी संख्या में उपस्थित रहीं। ज्ञान भवन परिसर में महिलाओं की ऊर्जा, उत्साह और आत्मविश्वास ने एक सकारात्मक और प्रेरक वातावरण का निर्माण किया।

कार्यक्रम स्थल ज्ञान भवन, पटना में प्रतिभागियों के लिए सभी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पंजीकरण, काउंसलिंग, इंटरव्यू तथा चयन की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। दूर-दराज़ से आने वाली प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पिंक बस सेवा के माध्यम से बिहार के विभिन्न जिलों से महिलाओं के सुरक्षित आवागमन की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे उन्हें पटना आने-जाने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

जॉब फेयर की प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया गया। सबसे पहले प्रतिभागियों का रजिस्ट्रेशन किया गया, जिसके बाद उन्हें उनकी योग्यता और रुचि के अनुसार काउंसलिंग प्रदान की गई। इसके पश्चात विभिन्न कंपनियों द्वारा ऑन-द-स्पॉट इंटरव्यू आयोजित किए गए। इंटरव्यू में सफल रहने वाली उम्मीदवारों का तुरंत चयन किया गया और उन्हें मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए। इस पूरी प्रक्रिया ने महिलाओं को सीधे कंपनियों से जुड़ने और शीघ्र रोजगार प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया।

इस रोजगार मेले में इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल और हेल्थ सेक्टर में सर्वाधिक नियुक्तियां देखने को मिलीं। इसके अलावा रिटेल, हॉस्पिटैलिटी, हेल्थकेयर, आईटी/बीपीओ, मैन्युफैक्चरिंग और सिक्योरिटी जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। विशेष रूप से यह देखा गया कि परंपरागत रूप से पुरुष प्रधान माने जाने वाले कई सेक्टरों में भी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी दर्ज कराई और अपनी क्षमता का परिचय दिया।

इस जॉब फेयर में प्रमुख रूप से ब्लिंकिट, फ्लिपकार्ट, बजाज ऑटो लिमिटेड, मुथूट फाइनेंस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, क्रोमा (टाटा एंटरप्राइज), एथर एनर्जी, जूडियो, मेडमिक्स, जेएसडब्ल्यू स्टील, टीवीएस मोटर कंपनी, आईटीसी लिमिटेड, वेस्टसाइड, एयरटेल, अपोलो हॉस्पिटल्स तथा योकोहामा सहित अन्य प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल हुईं।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रेस ब्रीफिंग के माध्यम से सचिव, समाज कल्याण विभाग, बंदना प्रेयषी एवं संयुक्त सचिव, समाज कल्याण विभाग, योगेश कुमार सागर द्वारा मीडिया प्रतिनिधियों को जॉब फेयर के उद्देश्य, प्रक्रिया और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें रोजगार के मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
कार्यक्रम में सचिव युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, श्री कौशल कुमार एवं महिला बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी मौजूद रहें।
दो दिवसीय यह जॉब फेयर 17 मार्च को प्रातः 9 बजे से शाम 4 बजे तक जारी रहेगा। इच्छुक महिलाएं कार्यक्रम स्थल पर आकर विभिन्न कंपनियों द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे रोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *