पटना में मैटकेयर अस्पताल का भव्य शुभारंभ, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने किया उद्घाटन

पटना। मैटकेयर वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड ने पटना में 62 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य अस्पताल का शुभारंभ किया। यह अस्पताल एम्बीशन बिजनेस पार्क, चौथी मंजिल, बेली रोड, सगुना मोड़, मेट्रो पिलर संख्या 143 के पास स्थित है। यह केंद्र गर्भावस्था की देखभाल, सुरक्षित प्रसव, नवजात चिकित्सा तथा बच्चों की 14 वर्ष की आयु तक संपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराता है। अस्पताल का उद्घाटन भारत सरकार के केंद्रीय कैबिनेट मंत्री (खाद्य प्रसंस्करण उद्योग) चिराग पासवान द्वारा किया गया। समारोह में विधायक फुलवारी शरीफ श्याम रजक, विधायक रोसड़ा बीरेन्द्र कुमार, डीआईजी (लॉ एंड ऑर्डर) पटना आनंद कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर इंदिरा आईवीएफ के वरिष्ठ चिकित्सकों सहित मैटकेयर पटना के प्रमुख डॉ. दयानिधि कुमार, मैटकेयर के सीईओ डॉ. निखिल यादव, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. ममता कुमारी एवं डॉ. श्वेता शिल्पी, नवजात विशेषज्ञ डॉ. ज्योत्सना और डॉ. सोनू तथा एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. मृत्युंजय सहित पूरी टीम उपस्थित रही। मैटकेयर अस्पताल में उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की निगरानी, सुरक्षित सामान्य एवं सर्जरी द्वारा प्रसव, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, सुसज्जित प्रसव कक्ष, लेवल-थ्री नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू), 24 घंटे आपातकालीन सेवा, अत्याधुनिक प्रयोगशाला, अस्पताल परिसर में दवा उपलब्धता तथा फिजियोथेरेपी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। जन्म से लेकर 14 वर्ष तक बच्चों के लिए संपूर्ण बाल रोग सेवाएं भी यहां प्रदान की जाएंगी। अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य किसी भी राज्य के विकास का आधार है। उन्होंने कहा, हमारा संकल्प है — बिहार प्रथम, बिहारी प्रथम। बिहार के लोगों को अपने ही राज्य में उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आधुनिक अस्पताल बिहार के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करेंगे और लोगों को बेहतर इलाज के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी।

इन्दिरा आईवीएफ के मैनेजिंग डायरेक्टर नितिज मुर्डिया ने कहा कि हर मां और हर बच्चे को विशेषज्ञ और आधुनिक चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए। पटना में मैटकेयर की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मैटकेयर पटना के प्रमुख डॉ. दयानिधि कुमार ने कहा, मैटकेयर की स्थापना हमने इस विश्वास के साथ की है कि गर्भावस्था के समय दो जीवन, मां और शिशु हमारी जिम्मेदारी बन जाते हैं । इसलिए यहां गर्भावस्था, सुरक्षित प्रसव, नवजात देखभाल और 14 वर्ष तक बच्चों की संपूर्ण चिकित्सा सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *