राज्यसभा जाने से विकास और सुशासन की राजनीति को मिलेगी नई मजबूती : भाजपा

9 मार्च 2026, पटना। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के राज्यसभा जाने के निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि उनके अभिभावकत्व में बिहार का विकास और तेज गति से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से विकास और सुशासन की राजनीति को नई मजबूती मिलेगी, जबकि विपक्ष पूरी तरह से सदमे और भ्रम की स्थिति में दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले दो दशकों में बिहार को विकास की नई दिशा दी है, जो पूरे देश के लिए एक उदाहरण बन चुका है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हुए व्यापक बदलावों ने बिहार की तस्वीर और तकदीर दोनों को बदलने का काम किया है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि नीतीश कुमार का राज्यसभा के माध्यम से राष्ट्रीय राजनीति और नीति निर्धारण में सक्रिय होना बिहार के लिए गौरव और अवसर दोनों लेकर आएगा। उनके अनुभव, दूरदर्शिता और विकास मॉडल का लाभ अब पूरे देश को मिलेगा। साथ ही बिहार में उनके द्वारा तय किए गए विकास के एजेंडे को सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाएगी।
उन्होंने कहा कि एनडीए स्पष्ट रूप से मानती है कि नीतीश कुमार ने बिहार को विकास के जिस नक्शे पर आगे बढ़ाया है, उसी मार्ग पर चलते हुए राज्य को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जाएगा। उनके मार्गदर्शन और निर्देशों का पालन करते हुए सरकार विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय की नीतियों को और मजबूत करेगी।
प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि विपक्ष के पास न तो कोई ठोस नीति है और न ही कोई विकास का विजन। यही कारण है कि नीतीश कुमार के इस दूरदर्शी निर्णय से विपक्ष घबराया हुआ है। लेकिन बिहार की जनता सब कुछ देख और समझ रही है तथा विकास, स्थिरता और सुशासन की राजनीति के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ बिहार को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करती रहेगी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सपनों के बिहार को साकार करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *