पटना : संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार व कला संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार सरकार के सहयोग से प्रस्तुति, पटना द्वारा आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव ” प्रस्तुति उत्सव 2026 – अकेली औरत का नाट्य ” का शुभारंभ सोमवार को राजेंद्र नगर स्थित प्रेमचंद रंगशाला में किया गया। इस महोत्सव का शुभारंभ, वरिष्ठ थिएटर निदेशक व एनएसडी, दिल्ली के पूर्व निदेशक प्रो. देवेंद्र राज अंकुर, वरिष्ठ रंगकर्मी कुणाल झा, परवेज़ अख्तर, नीलेश मिश्रा, आर्ट क्रिटिक संगम पांडेय, प्रस्तुति की सचिव शारदा सिंह व भाजपा बिहार प्रदेश के कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष वरुण कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर रमेश प्रसाद सिंह स्मृति सम्मान से वरिष्ठ रंग-निर्देशक व प्रशिक्षक प्रो. देवेंद्र राज अंकुर (पूर्व निदेशक राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय) को सम्मानित किया गया। समारोह की पहली नाट्य प्रस्तुति होम इन ए सूटकेस का मंचन किया गया। रूहानी सिंह द्वारा अभिनीत व रमनजीत कौर द्वारा निर्देशित कोलकाता की संस्था क्रियेटिव आर्ट्स की प्रस्तुति होम इन ए सूटकेस को स्थानीय दर्शकों की भरपूर सराहना मिली।
होम इन ए सूटकेस एक काव्यात्मक एकल प्रदर्शन है जो एक मार्मिक प्रश्न पूछता है – क्या हम कभी घर पाते हैं, या उसे अपने साथ लेकर चलते हैं? यह नाटक तारिणी की यात्रा का वर्णन करता है, जो लगभग 20 वर्ष की एक महिला है, जिसे अपने शहर को छोड़कर जाने के लिए बाध्य किया जाता है। कहानी की पृष्ठभूमि में एक अनाम शहर का एयरपोर्ट है। यह कहानी स्मृति, गति और रूपक के टुकड़ों के माध्यम से सामने आती है। आज के युवाओं को समर्पित – जो लगातार शहरों, अपेक्षाओं और पहचानों के बीच तालमेल बिठाने की कोशिश कर रहे हैं – यह कहानी उनके जीवन को दर्शाती है।
ज्ञात हो कि इस महोत्सव के अंतर्गत पांच दिवसीय नाट्य कार्यशाला का भी आयोजन किया जा रहा है जिसमें मुख्य प्रशिक्षक के रूप में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के पूर्व निदेशक देवेन्द्र राज अंकुर को आमंत्रित किया गया है। साथ ही प्रतिदिन रंग-संवाद का भी आयोजन किया जा रहा है जिसका संचालन वरिष्ठ रंग समीक्षक संगम पांडे द्वारा किया गया। साथ ही नाटक के पूर्व बाह्य परिसर में दर्शकों ने रंग- संगीत के आयोजन का आनंद लिया। प्रस्तुति की सचिव शारदा सिंह ने बताया कि 17 मार्च 2026 को महोत्सव के दूसरे दिन ऊर्जा, नई दिल्ली की प्रस्तुति, त्रिपुरारी शर्मा द्वारा निर्देशित स्त्री सुबोधिनी का मंचन किया जाएगा।
