विधि-व्यवस्था सुदृढ़ करने व भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन पर जोर

17 अप्रैल 2026, पटना। जिलाधिकारी, पटना द्वारा आज समाहरणालय परिसर में विधि-व्यवस्था संधारण, भूमि विवाद निराकरण, खनन, मद्य-निषेध, परिवहन एवं अभियोजन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण मामलों की व्यापक समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि भूमि विवादों के मामलों का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए नियमित अनुश्रवण (मॉनिटरिंग) अत्यंत आवश्यक है। इस दिशा में सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को विशेष रूप से सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने भू-माफियाओं, शराब माफियाओं तथा अवैध बालू खनन में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध कड़ी एवं विधि-सम्मत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए, ताकि कानून का राज कायम रहे और आम जनता का विश्वास प्रशासन में बना रहे।
भूमि विवादों के प्रभावी समाधान के लिए प्रत्येक शनिवार को अंचल अधिकारी एवं संबंधित थाना प्रभारी के बीच संयुक्त बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि इन बैठकों का नियमित आयोजन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए तथा उनकी कार्यवाहियों को अनिवार्य रूप से “भू-समाधान पोर्टल” पर अपलोड किया जाए, ताकि पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने विधि-व्यवस्था के प्रति सभी अधिकारियों को सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहने का निर्देश दिया। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को और सुदृढ़ करने पर बल देते हुए कहा कि सभी स्टेकहोल्डर्स के बीच निरंतर संवाद और सहयोग से ही बेहतर प्रशासनिक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी।

Leave a Reply