डीएम ने किया वृद्घाश्रम सहारा का निरीक्षण

पटना। डीएम डॉ चन्द्रशेखर सिंह द्वारा गुलजारबाग स्थित वृद्धाश्रम सहारा का निरीक्षण किया गया एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा निर्धारित मार्गदर्शिका के अनुसार इसके संचालन का जायजा लिया गया। दैनिक उपयोगी एवं मनोरंजन कार्यक्रम के आयोजन तथा दैनिक दिनचर्या सारणी का अवलोकन एवं इसके अनुपालन की स्थिति का निरीक्षण किया गया।

डीएम डॉ सिंह द्वारा वृद्धजनों को आश्रम के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं का जायजा लिया गया। सामाजिक सुरक्षा निदेशालय समाज कल्याण विभाग बिहार सरकार द्वारा संचालित वृद्धाश्रम सहारा का प्रबंधन हेल्पेज इंडिया द्वारा फरवरी 2020 से किया जा रहा है। इसकी स्थापना निराश्रित, उपेक्षित एवं बेसहारा वृद्धजनों को आश्रम के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से किया गया है। निरीक्षण के समय पाया गया कि आवासित लाभार्थियों की संख्या 93 है जिसमें पुरूष 34 तथा महिला 59 है।

वृद्धजनों को मार्गदर्शिका के अनुसार सुविधाएँ उपलब्ध करायी जा रही है। तिथिवार दैनिक उपयोगी एवं मनोरंजन कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। आवासित को समय पर नास्ता, भोजन तथा आवश्यक दवा उपलब्ध कराया जा रहा है। आवासित वृद्धजनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से पौधा रोपण, पेंटिंग, कढ़ाई बुनाई एवं अन्य कलाकृतियाँ सिखाना, नाम पता लिखना, वार्तालाप, विशेष दिवसों के अवसर पर आश्रितों की कला के अनुसार समारोह में सहभागिता सुनिश्चित करना,वाद्ययंत्र बजाना, गीत संगीत, कैरमबोर्ड, लुडो, पहेली, सतरंज, गेंद खेलना, प्रोजेक्टर के द्वारा मनोरंजन आदि सुविधाएँ उपलब्ध करायी जा रही है।

डीएम डॉ सिंह ने वृद्धाश्रम सहारा के संचालन हेतु मार्गदर्शिका का नियमित अनुपालन सुनिश्चित करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि निराश्रित, उपेक्षित एवं बेसहारा वृद्धजनों की उचित देखभाल के लिए सभी स्टेकहोल्डर को प्रतिबद्ध रहना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *