डीएम अवनीश कुमार सिंह ने क्षत्रियकुंड जन्मस्थान में भगवान महावीर की पूजा अर्चना कर आउटडोर एलइडी स्क्रीन का किया उद्घाटन

जमुई। रविवार को जमुई जिला अन्तर्गत 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की जन्मभूमि क्षत्रियकुंड जन्मस्थान में डीएम अवनीश कुमार सिंह सहित कई पदाधिकारी पहुंचकर भगवान महावीर का दर्शन एवं पूजा अर्चना किया।

पूजा अर्चना के उपरांत डीएम अवनीश कुमार सिंह के द्वारा जन्म कल्याणक परिसर में जिला प्रशासन के सौजन्य से लगाए गए आउटडोर एलइडी स्क्रीन का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस मौके पर सिकंदरा सीओ कृष्ण कुमार सौरभ, आरो सनी कुमार, जैन श्वेतांबर सोसायटी के प्रबंधक उज्जवल रत्न, पंडित अशोक महाराज, शैलेश महाराज, धीरज महाराज समेत कई गण्यमाण लोग उपस्थित थे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि एलईडी के माध्यम से भगवान महावीर स्वामी के संदेशों को प्रसारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर स्वामी की जन्म स्थली जन्म कल्याणक का तेजी से विकास करना उनकी पहली प्राथमिकता है।

उन्होंने इस जाने-माने धार्मिक स्थल को विश्व के मानचित्र पर पर्यटन केंद्र के रूप में अंकित किए जाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि एलईडी के जरिए भगवान महावीर स्वामी के संदेशों को प्रसारित कर आगंतुक इसके माध्यम से प्राकृतिक छटा से भी रूबरू हो सकेंगे।

डीएम ने कहा कि लछुआड़ भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक, दीक्षा कल्याणक एवं च्यवन कल्याणक यानी कि 3 कल्याणको की भूमि मानी जाती है। भगवान इसी पावन धरा पर गर्भ में आए यही उनका जन्म हुआ और इसी भूमि पर उन्होंने दीक्षा ग्रहण की। डीएम ने इसी संदर्भ में बताया कि देश में जैन धर्म को मानने वाले महज 2% लोग हैं लेकिन भारतीय अर्थव्यवस्था पर इनका 40% से अधिक कब्जा है।

जमुई से पंकज कुमार की रिपोर्ट।

Related posts

Leave a Comment