दीदीजी फाउंडेशन ने अर्चना सिंह को नारी रत्न से किया सम्मानित

पटना, 03 अप्रैल सामाजिक संगठन दीदीजी फाउंडेशन की संस्थापिका राजकीय-राष्ट्रीय सम्मान से अंलकृत डा. नम्रता आनंद ने अम्बपाली हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प बहुरजीय सहकारी समिति पटना की अध्यक्ष अर्चना सिंह को नारी रत्न से सम्मानित किया है।

राजधानी पटना के गांधी मैदान में विकास आयुक्त (हस्तशिल्प), वस्त्र मंत्रालय , भारत सरकार नयी दिल्ली द्वारा प्रायोजित और अम्बपाली हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प बहुरजीय सहकारी समिति पटना द्वारा गांधी शिल्प बाजार 2022 का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर डा. नम्रता आनंद ने अम्बपाली हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प बहुरजीय सहकारी समिति पटना की अध्यक्ष अर्चना सिंह को अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर नारी रत्न से सम्मानित किया।

इस अवसर पर डा. नम्रता आनंद ने अर्चना सिंह को महिला सशक्तीकरण की मिसाल बताते हुये कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने वाली महिलायें आज अपने दम पर समाज में फैली कुरीतियों को मिटाकर और पुरुषों के साथ हर कदम पर साथ चलकर इतिहास रच रही हैं। वे आगे बढ़ रही हैं और अपनी उपलब्धियों से देश का गौरव बढ़ा रही हैं।नारी सशक्तिकरण के बिना मानवता का विकास अधूरा है। यह जरूरी है कि हम स्वयं को और अपनी शक्तियों को समझें। जब कई कार्य एक समय पर करने की बात आती है तो महिलाओं को कोई नहीं पछाड़ सकता। यह उनकी शक्ति है और हमें इस पर गर्व होना चाहिए।

अर्चना सिंह ने बताया कि गांधी शिल्प बाजार 2022 का आयोजन हस्तशिल्प कलाकारों को उचित मंच देने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने बताया कि यह बाजार अपनी गुणवत्ता और ग्रामीण क्षेत्र के कलाकारों द्वारा बाजार में स्वयं बिक्री तथा उचित दर पर उपलब्ध उत्पादों के कारण काफी लोकप्रिय हो चला है। इस बाजार में कुल 100 दुकानें लगायी गयी हैं। बिहार के अलावा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, तामिलनाडु, पश्चिम बंगाल, झारखंड, उड़ीसा, महाराष्ट्र, जम्मू कश्मीर, आंध प्रदेश से आये कलाकारों की भागीदारी है। मधुबनी पेटिंग, शीतल पट्टी, कंथा, लखचुड़िया, हैंड ब्लॉक, पत्थर की मूति, लकड़ी में नक्काशी के उत्पाद, एपलिक, सुजनी, गुजरात के रंगीन हैंडी क्राफ्ट के बैग, साड़ी इत्यादि विक्री सह प्रदर्शनी के लिये उपलब्ध है।

इस अवसर पर प्रेम कुमार , कुमार संभव, दिवाकर कुमार वर्मा, अनुराग समरूप, रंजीत ठाकुर समेत कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे।

Related posts

Leave a Comment