बिहार में ठण्ड के कहर से जनजीवन प्रभावित

PATNA - THAND KE DWARAN FOGE

अभिषेक कुमार सिंह

पटना- बिहार में कडाके की ठंड जारी रहने के बीच मौसम विभाग ने कहा है कि पछुआ हवा के कारण अगले 24 से 48 घंटों तक पूरे प्रदेश में शीतलहर जारी रहने के आसार हैं।

राजधानी पटना में रविवार को इस मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक पछुआ हवा के कारण राजधानी पटना और भागलपुर सहित पूरे प्रदेश में कडाके की ठंड के अगले 24 से 48 घंटों तक जारी रहने की संभावना है। प्रदेश में धुंध एवं शीत फुहारों का गिरना जारी है। उल्लेखनीय है कि पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने के साथ रविवार को भागलपुर के सबौर में न्यूनतम तापमान सबसे कम सात डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

शनिवार को पटना में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था जबकि अधिकतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। पटना में रविवार को न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो इस वर्ष का सबसे कम तापमान है। अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा।

पटना में आज भी सुबह घना कोहरा छाया रहा।

प्रदेश के अन्य प्रमुख स्थानों गया, भागलपुर और पूर्णिया में न्यूनतम तापमान क्रमश: 09.2, 10.1 और 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं अधिकतम तापमान क्रमश: 22.0, 19.0 और 19.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

पटना जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों में आगामी 15 दिसंबर तक नर्सरी से पहली कक्षा तक की पढाई को स्थगित किए जाने तथा दूसरी कक्षा से आठवीं कक्षा तक की पढाई के समय समय में बदलाव करने का निर्णय लिया है।

पटना जिलाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दूसरी कक्षा से आठवीं कक्षा तक की पढाई के समय को परिवर्तित करते हुए कक्षा की शुरूआत सुबह दस बजे से करने का निर्देश दिया गया है।

घने कोहरे के मद्देनजर 26 ट्रेनों को एक सप्ताह के लिए रद्द कर दिया गया है।

पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अरविंद कुमार रजक ने बताया कि 14 ट्रेनों को एक महीने के लिए और 32 सवारी ट्रेनों को दो महीने के लिए रद्द किया गया है। घने कोहरे के मद्देनजर हालांकि पटना में कोई उडान रद्द नहीं की गयी पर एक उडान जिसका मार्ग बेंगलुरू-रांची-पटना था, को पटना से सीधे बंेगलुरू के लिए उडान भरना पडा।

Related posts

Leave a Comment