बिहार के प्रतिभाशाली खिलाड़ी धर्मेंद्र कुमार का चयन भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम में हुआ है। धर्मेंद्र आगामी अंतरराष्ट्रीय दौरे पर श्रीलंका में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी इस बड़ी उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और जिले, बल्कि पूरे राज्य में गर्व और खुशी का माहौल है। भारतीय टीम 30 अप्रैल 2026 को कोलंबो, श्रीलंका के लिए रवाना होगी। इस दौरे के दौरान टीम 1 से 3 मई तक तीन अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबले खेलेगी, जबकि 4 से 6 मई तक टेस्ट मैचों में भी भाग लेगी।
धर्मेंद्र कुमार का चयन उनके पिछले टूर्नामेंट में किए गए शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। चयन समिति ने उनके समर्पण, निरंतरता और टीम के प्रति अहम योगदान को ध्यान में रखते हुए उन्हें इस महत्वपूर्ण दौरे के लिए टीम में शामिल किया है। बिहार के स्टार खिलाड़ी धर्मेंद्र कुमार पिछले कुछ समय से लगातार भारतीय टीम का हिस्सा बने हुए हैं और अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का भरोसा जीतते आ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि धर्मेंद्र कुमार इससे पहले भी भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और अपने उत्कृष्ट खेल से अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। उनके निरंतर बेहतरीन प्रदर्शन, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को देखते हुए ही उन्हें एक बार फिर श्रीलंका दौरे के लिए टीम में शामिल किया गया है। यह बिहार दिव्यांग क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन के लिए भी गर्व का विषय है कि राज्य का खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहा है और भारतीय टीम में अपनी एक मजबूत पहचान स्थापित कर चुका है।
इस अवसर पर बिहार दिव्यांग क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अमितेश कुमार ने धर्मेंद्र कुमार को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे बिहार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण के दम पर यह मुकाम हासिल किया है, जो राज्य के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि धर्मेंद्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपने शानदार प्रदर्शन से देश का नाम रोशन करेंगे।
वहीं, एसोसिएशन के सचिव उज्जवल कुमार सिन्हा ने भी धर्मेंद्र कुमार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका चयन उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि बिहार में दिव्यांग क्रिकेट के विकास के लिए भी एक सकारात्मक संकेत है और इससे अन्य खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि धर्मेंद्र श्रीलंका दौरे पर बेहतरीन प्रदर्शन कर बिहार और देश का मान बढ़ाएंगे।
इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अमितेश कुमार और सचिव उज्जवल कुमार सिन्हा सहित सभी पदाधिकारियों ने धर्मेंद्र कुमार को फूलों का बुके देकर सम्मानित किया और आगामी श्रीलंका दौरे के लिए उनका उत्साहवर्धन करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
