पटना: बिहार राज्य सॉफ्टबॉल क्रिकेट संघ को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से संगठन में महत्वपूर्ण फेरबदल किए गए हैं। संघ द्वारा सर्वसम्मति से श्री जयप्रकाश जी को बिहार सॉफ्टबॉल संघ का मुख्य संरक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि श्री राकेश मिश्रा को मेंटर (मार्गदर्शक) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस मौके पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री सुजय सौरभ ने नए पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि इन अनुभवी दिग्गजों के जुड़ने से संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। इस विशेष अवसर पर वैशाली जिला सॉफ्टबॉल के सचिव रवि रंजन भी उपस्थित रहे और उन्होंने इस फैसले की सराहना की।
इस प्रशासनिक बदलाव के साथ ही आज बिहार खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण भी रहा। ग्वालियर (मध्य प्रदेश) में आयोजित तीसरी सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर चैंपियन बनने वाली बिहार की सब-जूनियर टीम के लिए एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय पटल पर स्वर्ण पदक जीतकर लौटे राज्य के होनहार खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को संघ के पदाधिकारियों द्वारा मेडल, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सुजय सौरभ ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का मान बढ़ाया है, जो बेहद सराहनीय है। वहीं संघ के नवनियुक्त मेंटर और मुख्य संरक्षक ने विजेता टीम की पीठ थपथपाते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में राज्य के सॉफ्टबॉल क्रिकेट खिलाड़ियों को और बेहतर बुनियादी सुविधाएं व प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
