बिहार स्कूल क्रिकेट लीग 2026: किड ज़ी, बिहटा ने रोमांचक मुकाबले में KPS पब्लिक स्कूल को हराकर खिताब जीता

पटना, बिक्रम। बिहार स्कूल क्रिकेट लीग 2026 (प्रथम सत्र) का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला आज YAASHVAN स्पोर्ट्स ग्राउंड, बिक्रम (पटना) में खेला गया। फाइनल में KPS पब्लिक स्कूल और किड ज़ी, बिहटा की टीम आमने-सामने थी। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें अंततः किड ज़ी, बिहटा ने 3 विकेट से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।

मैच की शुरुआत में KPS पब्लिक स्कूल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने संयमित और प्रभावशाली बल्लेबाजी करते हुए 25 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 154 रन बनाए। KPS की ओर से जयाश राज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 78 रन बनाए और टीम की पारी को मजबूती प्रदान की। उनके साथ आदर्श आनंद ने भी नाबाद 41 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। किड ज़ी, बिहटा की ओर से गेंदबाजी में सचिन सिंह ने 2 विकेट और बिलाल बिन साहिद ने 1 विकेट हासिल किया।

155 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी किड ज़ी, बिहटा की टीम ने शुरुआत से ही सकारात्मक खेल दिखाया। हालांकि बीच-बीच में विकेट गिरते रहे, लेकिन टीम ने संयम बनाए रखा और 24 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। किड ज़ी की ओर से सचिन सिंह ने 39 रनों की अहम पारी खेली, जबकि बिलाल साहा ने 34 रन जोड़कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। KPS पब्लिक स्कूल की ओर से गेंदबाजी में आयुष कुमार ने 3 विकेट झटके, जबकि अंश पांडेय को 1 सफलता मिली।

इस रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए सचिन सिंह को मैन ऑफ द मैच और MVP चुना गया। जयाश राज को उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए बेस्ट बैट्समैन और आयुष कुमार को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार दिया गया।

टूर्नामेंट के समापन अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। डोनी पोलो पब्लिक स्कूल के अनुराग राणा को बेस्ट बैट्समैन ऑफ द टूर्नामेंट, ज़ेवियर्स इंटरनेशनल स्कूल के कुमार वैभव बेस्ट बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट तथा किड ज़ी, बिहटा के बिलाल साहा को मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार प्रदान किया गया। KPS पब्लिक स्कूल के उज्ज्वल कुमार को प्रमोटिंग प्लेयर, वीर सिंह को इमर्जिंग प्लेयर तथा दिव्यांशु राज को मैन ऑफ द सीरीज के खिताब से नवाजा गया।

पुरस्कार वितरण समारोह में बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व सचिव संजय शर्मा और पूर्व कोषाध्यक्ष आनंद कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ अश्वनी कुमार सिंह, निशिकांत, भिखारी सिंह, चैत्य नवीन, ज्योति सिंह, सुरेश मिश्रा, शांभवी राज और रिमझिम कुमारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में सभी अतिथियों का स्वागत अमित रंजन, प्रतीक कुमार और हिमांशु हरि ने किया।

यह फाइनल मुकाबला दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक रहा और खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए बिहार में स्कूल क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य की झलक पेश की।

Leave a Reply