पटना, 5 जुलाई। जन सुराज पार्टी ने बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने संस्थापक एवं राष्ट्रीय नेता प्रशांत किशोर को पार्टी का अधिकृत उम्मीदवार घोषित कर दिया है। इसके साथ ही प्रशांत किशोर पहली बार किसी चुनाव में प्रत्यक्ष रूप से उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरेंगे।
पार्टी का मानना है कि बांकीपुर उपचुनाव केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति में वैकल्पिक राजनीति, सुशासन और जनभागीदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर है। जन सुराज ने दावा किया है कि प्रशांत किशोर के नेतृत्व में पार्टी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और विकास, शिक्षा, रोजगार तथा बेहतर प्रशासन को चुनाव का प्रमुख एजेंडा बनाएगी।
प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी के ऐलान के साथ ही बांकीपुर का चुनावी मुकाबला और अधिक दिलचस्प होने की संभावना है। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर अब विभिन्न दलों की रणनीति और चुनावी समीकरणों पर टिकी हुई है। जन सुराज ने अपने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव अभियान में जुटने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों एवं विजन को पहुंचाने का आह्वान किया है। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की सीट है, जो उन्होंने राज्यसभा जाने के पश्चात छोड़ दिया था। यह सीट बीजेपी के लिए प्रतिष्ठा की सीट मानी जा रही है।
