मुलायम सिंह की छोटी बहू भाजपा में शामिल, कहा- राष्ट्र आराधना करने निकली हूं

विधानसभा चुनाव के ठीक पहले उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा। मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव बुधवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। उन्हें दिल्ली के पार्टी मुख्यालय में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भाजपा की सदस्यता दिलाई। उनके भाजपा में शामिल होने की खबरें बीते कई दिनों से राजनीतिक गलियारों में चल रही थीं। बताया जा रहा है कि वे लखनऊ कैंट से टिकट नहीं मिलने से अखिलेश से नाराज थीं। अपर्णा मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं।

अपर्णा ने भाजपा की सदस्यता लेने के बाद प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मैं राष्ट्र की आराधना करने निकली हूं। मुझे आपका सहयोग बहुत जरूरी है। स्वच्छ भारत मिशन, महिलाओं के स्वावलंबन ओर पार्टी की अन्य योजनाओं से बहुत प्रभावित रही हूं। जो भी कर सकूंगी, पूरी क्षमता से करूंगी। अपर्णा को पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि अपर्णा के भाजपा में आने से पार्टी का कद बढ़ेगा। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश-प्रदेश का विकास हो रहा है।

अपर्णा यादव के भाजपा में शामिल होने के पीछे अखिलेश यादव का वो फैसला है, जिसने परिवार में भूचाल ला दिया है। सूत्रों का दावा है कि अखिलेश यादव ने फैसला किया है कि इस बार किसी भी कीमत पर परिवार के किसी भी सदस्य को टिकट नही देंगे। अखिलेश के इस फैसले के बाद ही अपर्णा ने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया।

अपर्णा यादव ने अखिलेश यादव के समय में उत्तर प्रदेश सरकार को ‘भोकाल मंत्रालय’ का नाम भी दिया था। अपर्णा यादव समाज सेविका भी हैं। वो एक हर्ष संस्था भी चलाती हैं।

अपर्णा 2017 के चुनाव में लखनऊ कैंट विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुकी हैं। इसी के साथ उनका सियासी सफर भी शुरू हुआ। हालांकि उस चुनाव में उन्हें रीता बहुगुणा जोशी से हार का सामना करना पड़ा। उनके लिए अखिलेश यादव ने प्रचार भी किया था। जोशी के सांसद चुने जाने के बाद हुए उप चुनाव में भी BJP ने यह सीट जीत ली थी। पार्टी में शामिल होने के बाद अपर्णा को कैंट सीट मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *