एक केंद्रीय दल बिहार में हाल की बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए आज राज्य का दौरा करेगा

एक केंद्रीय दल बिहार में हाल की बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए आज राज्य का दौरा करेगा। गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव आर.के. सिंह की अध्यक्षता में छह सदस्यों का दल राज्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जायेगा और केन्द्र सरकार को अपनी रिपोर्ट देगा। यह दल राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श भी करेगा।

इस बीच, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, कटिहार, भागलपुर, खगड़िया, पूर्वी चम्पारण और पश्चिमी चम्पारण सहित 24 जिलों में बाढ़ की स्थिति गम्भीर बनी हुई है। दो हजार से अधिक गांव में 30 लाख से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में हैं। राज्य में बाढ़ से अब तक 53 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। राहत और बचाव कार्यों के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य आपदा मोचन बल के 29 दल लगाए गए हैं। दो लाख 20 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। कई जगहों पर वाहनों की आवाजाही बाधित है।

दरभंगा-समस्तीपुर रेलखंड पर पटरियों के पानी में डूबने के कारण रेल यातायात लगातार सातवें दिन बंद है। 14 रेलगाड़ियां रद्द कर दी गई हैं और 13 रेलगाड़ियों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है। गंगा, बागमती, कोसी और गंडक सहित कई नदियों का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है और वे खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

साभार : NewsOnAir

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *