पटना, 09 नवंबर. ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने संविधान सभा के अंतरिम अध्यक्ष, बिहार के निर्माता और प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित करने की मांग की है।
श्री प्रसाद ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि राष्ट्र निर्माण, भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था की स्थापना, शिक्षा, पत्रकारिता और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में डॉ. सिन्हा के ऐतिहासिक योगदान को देखते हुए उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न प्रदान किया जाए।
श्री प्रसाद ने कहा कि डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा भारतीय इतिहास के ऐसे व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने ज्ञान, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण से देश की राजनीतिक एवं संवैधानिक यात्रा को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका योगदान केवल बिहार तक सीमित नहीं था, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी उनका विशिष्ट स्थान रहा है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में शिक्षा, समाज सुधार, पत्रकारिता और राजनीतिक चेतना के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए।
जीकेसी अध्यक्ष ने कहा कि डॉ. सिन्हा बिहार को अलग राज्य का स्वरूप दिलाने वाले प्रमुख व्यक्तित्वों में शामिल थे। बिहार के लिये अलग प्रांत की मांग को मजबूत करने और इसके लिए जनमत तैयार करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वे प्रख्यात अधिवक्ता, पत्रकार, शिक्षाविद् और स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने अपने लेखन, विचारों और सार्वजनिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में राष्ट्रीय चेतना तथा आधुनिक शिक्षा के प्रसार को प्रोत्साहित किया।
राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि डॉ. सिन्हा का जीवन संघर्ष, विद्वता और सार्वजनिक सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण की प्रक्रिया के प्रारंभिक चरण में संविधान सभा के अंतरिम अध्यक्ष के रूप में ऐतिहासिक जिम्मेदारी निभाई थी। संविधान सभा की पहली बैठक नौ दिसंबर 1946 को हुई थी, जिसमें उन्होंने अध्यक्षता की थी। यह भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय है।
उन्होंने कहा कि देश के संविधान निर्माण की आधारशिला रखने वाले व्यक्तित्वों को उचित राष्ट्रीय सम्मान मिलना चाहिए। डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा ने जिस समय देश में राजनीतिक और सामाजिक चेतना के विकास के लिए काम किया, उस समय परिस्थितियां काफी चुनौतीपूर्ण थीं। इसके बावजूद उन्होंने शिक्षा, विधि, पत्रकारिता और सार्वजनिक जीवन के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई। उनके विचार और योगदान आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
श्री प्रसाद ने कहा कि बिहार की धरती ने देश को अनेक महान विभूतियां दी हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और कर्मठता से महत्वपूर्ण योगदान दिया है। डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा उन्हीं महान विभूतियों में से एक हैं। दुर्भाग्यपूर्ण है कि उनके ऐतिहासिक योगदान को अपेक्षित राष्ट्रीय पहचान नहीं मिल सकी है। उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाना बिहार की ऐतिहासिक विरासत और देश के गौरवशाली अतीत के प्रति सम्मान प्रकट करने जैसा होगा।
उन्होंने कहा कि ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा के व्यक्तित्व और कृतित्व को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास करेगा। संस्था का मानना है कि महापुरुषों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और उनके आदर्शों को सामाजिक जीवन में आत्मसात करना आवश्यक है। डॉ. सिन्हा के जीवन और कार्यों पर व्यापक चर्चा होनी चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी उनके ऐतिहासिक योगदान से परिचित हो सके।
राजीव रंजन प्रसाद ने केंद्र सरकार से मांग की कि डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान का समुचित मूल्यांकन करते हुए उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित करने की घोषणा की जाए। उन्होंने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति या समाज का नहीं, बल्कि बिहार की ऐतिहासिक विरासत और देश की लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान होगा।
राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा का शिक्षा के प्रति समर्पण इस बात से भी स्पष्ट होता है कि उन्होंने पटना में ज्ञान और बौद्धिक विकास के केंद्र के रूप में न केवल सिन्हा लाइब्रेरी केलिये अपनी जमीन और भवन दिया बल्कि इसकी स्थापना में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके साथ ही संस्थान के रखरखाव के लिए भी आर्थिक सहयोग दिया। यह उनके शिक्षा प्रेम, उदारता और समाज के प्रति दूरदर्शी सोच का प्रमाण है। ऐसे बहुआयामी व्यक्तित्व को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए।
बिहार निर्माता डॉ.सच्चिदानंद सिन्हा को भारत रत्न देने की मांग, राजीव रंजन प्रसाद ने केंद्र सरकार से किया आग्रह
