• निवेशकों ने जियो IPO को लिया हाथोंहाथ, QIB कैटेगरी 9.42 गुना सब्सक्राइब
• करीब 30.5 लाख आवेदन, ₹69,745 करोड़ की बोलियां; कर्मचारी और शेयरहोल्डर कोटे भी फुल
• जियो ने पहले ही दिन पार किया हुंडई के पूरे बिडिंग पीरियड का सब्सक्रिप्शन
मुंबई, 21 अक्टूबर 2026: देश के सबसे बड़े ₹30,213 करोड़ के जियो IPO को पहले ही दिन 3.16 गुना सब्सक्रिप्शन मिल गया। बुधवार को जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO पर निवेशकों ने जबरदस्त उत्साह दिखाया। करीब 30.5 लाख आवेदन आए और एंकर निवेशकों से अलग, सार्वजनिक सब्सक्रिप्शन में करीब ₹69,745 करोड़ की बोलियां मिलीं। बड़े संस्थागत निवेशकों (QIB) की कैटेगरी 9.42 गुना सब्सक्राइब हो गई। कर्मचारियों और रिलायंस शेयरहोल्डर्स के लिए रिजर्व कोटे भी पूरी तरह भर गए हैं। अब तक जियो IPO को कुल मिलाकर करीब ₹3.20 लाख करोड़ की बोलियां मिल चुकी है। इसमें एंकर निवेशकों की करीब ₹2.50 लाख करोड़ और गैर-एंकर निवेशकों की करीब ₹70,000 करोड़ की बोलियां शामिल हैं।
जियो IPO में कर्मचारियों का कोटा 1.36 गुना और शेयरहोल्डर कोटा 1.46 गुना सब्सक्राइब हुआ। कर्मचारियों के लिए ₹500 करोड़ और पात्र रिलायंस शेयरहोल्डर्स के लिए ₹2,500 करोड़ तक के शेयर रिजर्व हैं। गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) की कैटेगरी 1.68 गुना और रिटेल कैटेगरी 73 फीसदी सब्सक्राइब हुई। रिटेल कैटेगरी में पहले ही दिन करीब ₹6,908 करोड़ की बोलियां आना भी एक रिकॉर्ड है। किसी भारतीय IPO के पहले दिन रिटेल कैटेगरी में यह अब तक की सबसे बड़ी बोली राशि है।
साल 2026 के दूसरे बड़े IPO से तुलना करें तो जियो की शुरुआत काफी तेज रही। इस साल जियो के अलावा तीन सबसे बड़े IPO में NSE को पहले दिन 42 फीसदी, SBI Funds Management को 68 फीसदी और Manipal Health को महज 15 फीसदी सब्सक्रिप्शन मिला था। इनमें से कोई भी IPO पहले दिन पूरी तरह सब्सक्राइब नहीं हो पाया था। इसके मुकाबले जियो का IPO पहले ही दिन 316 फीसदी सब्सक्राइब हुआ है।
जियो के पहले दिन के सब्सक्रिप्शन ने हुंडई मोटर इंडिया के पूरे बिडिंग पीरियड के सब्सक्रिप्शन को भी पीछे छोड़ दिया है। जियो से पहले देश के सबसे बड़े IPO का रिकॉर्ड हुंडई के नाम था। अक्टूबर 2024 में आए हुंडई IPO को पहले दिन महज 18 फीसदी सब्सक्रिप्शन मिला था। पूरे बिडिंग पीरियड में भी यह सिर्फ 2.37 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
खास बात यह है कि जियो IPO में निवेश के लिए अभी दो दिन बाकी हैं। IPO 23 अक्टूबर तक खुला रहेगा। ऐसे में निवेशकों के पास इसमें आवेदन करने के लिए अभी और समय है।
