रोटरी क्लब ऑफ पटना मिलेनियम का चतुर्थ पदस्थापन समारोह सम्पन्न, राजेश अग्रवाल ने संभाली अध्यक्ष की जिम्मेदारी

पटना। रोटरी क्लब ऑफ पटना मिलेनियम का ‘जज़्बा’ चतुर्थ पदस्थापन समारोह शुक्रवार को द पनाश, पटना में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में रोटरी वर्ष 2026-27 के लिए रोटेरियन राजेश अग्रवाल ने अध्यक्ष, रोटेरियन विशाल बिपुरिया ने सचिव तथा पीपी रोटेरियन चिंतन जैन ने कोषाध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अनु नारंग तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन संदीप नारंग रहे।

समारोह की शुरुआत रोटरी परंपरा के अनुरूप दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत के साथ हुई। इसके बाद वर्ष 2025-26 की कार्यकारिणी के अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. अमिताभ बांका, सचिव रोटेरियन अनुराधा साराफ एवं उनकी टीम के कार्यकाल की सराहना की गई। तत्पश्चात डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अनु नारंग ने वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

अपने संबोधन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनु नारंग ने कहा कि रोटरी का मूल उद्देश्य निस्वार्थ सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने नई टीम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा मानवीय सेवा से जुड़े कार्यों को और गति देने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन संदीप नारंग ने कहा कि रोटरी की पहचान उसकी सेवा, नेतृत्व और सामाजिक प्रतिबद्धता से है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी क्लब की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समाजहित में प्रभावी परियोजनाओं का संचालन करेगी।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन राजेश अग्रवाल ने क्लब के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी टीम रोटरी के आदर्शों को केंद्र में रखकर सेवा कार्यों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाएगी। उन्होंने सभी सदस्यों से एकजुट होकर समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

समारोह के दूसरे सत्र में सावन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और फेलोशिप का आकर्षक संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के चेयरमैन पीपी सोनल जैन एवं को-चेयरमैन रोटेरियन मयूर पोद्दार थे। मंच संचालन रोटेरियन मुक्ता अग्रवाल एवं रोटेरियन गौरव खेमका ने किया। आयोजन को सफल बनाने में रोटेरियन प्रकाश अग्रवाल, रोटेरियन प्रिया अग्रवाल, रोटेरियन संदीप चौधरी, रोटेरियन सीमा बंसल, रोटेरियन सारिका लोहिया, स्वेता डालमिया एवं रोटेरियन वर्षा बजाज सहित क्लब के सभी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

समारोह में रोटरी के विभिन्न क्लबों के पदाधिकारी, सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता, उद्योग जगत से जुड़े लोग तथा शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply